हापुड़-सहारनपुर से पहली बार गन्ना खरीदेंगी मुजफ्फरनगर की चीनी मिलें, 1880 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन का लक्ष्य
गन्ना पेराई सत्र शुरू हो गया है। इस बार गन्ने को लेकर चीनी मिल अभी चिंतित हैं। दूसरे जिलों के गन्ने पर भी नजर है। पहली बार हापुड़ जनपद की सिंभावली चीनी मिल और सहारनपुर जनपद की गागलहेड़ी चीनी मिल क्षेत्र में जनपद की शुगर मिलों को सेंटर मिले हैं।
जनपद में आठ चीनी मिल हैं, जिनमें से छह में गन्ना पेराई सत्र शुरू हो गया है। इस बार चीनी मिलाें को 1,880 लाख कुंतल चीनी उत्पादन का लक्ष्य दिया गया है। जो पिछले साल से अधिक है। हालांकि पिछले साल से एक हजार हेक्टेयर गन्ना रकबा कम है। इस बार जनपद में गन्ना रकबा 1.75 लाख हेक्टेयर है।
चीनी उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने के लिए जिले की मिलों को मेरठ, बागपत, शामली, हापुड़ और सहारनपुर से भी गन्ना खरीदने की अनुमति मिली है। इनमें से हापुड़ और सहारनपुर जनपद से पहली बार गन्ना खरीदा जाएगा।
जिला गन्ना अधिकारी संजय सिंह सिसौदिया ने बताया कि चीनी मिलों को गन्ना क्षेत्र आवंटन हो गया है। पहली बार हापुड़ की सिंभावली और सहारनपुर की गागलहेड़ी चीनी मिल क्षेत्र में जनपद की शुगर मिलों के सेंटर बने हैं। इससे गन्ना आपूर्ति बढ़ेगी, जिससे चीनी का अधिक उत्पादन होगा।
दूसरे जिलों से सात चीनी मिल खरीदेंगी गन्ना
खतौली चीनी मिल जनपद के अलावा मेरठ, बागपत और शामली जिले से गन्ना खरीदेगी। तितावी मिल अपने क्षेत्र के अलावा बागपत और शामली से गन्ना खरीदेगी। भैसाना चीनी मिल को बागपत, मेरठ और शामली से भी गन्ना आपूर्ति होगी। मंसूरपुर मिल को बागपत से भी गन्ना मिलेगा।
टिकौला शुगर मिल को मेरठ और हापुड़ से भी गन्ना मिलेगा। हापुड़ में 16 सेंटरों के माध्यम से टिकौला शुगर मिल को गन्ना मिलेगा। खाईखेड़ी मिल को पहली बार सहारनपुर की दया शुगर मिल प्राइवेट लि. गागलहेड़ी क्षेत्र में तीन सेंटरों के माध्यम से गन्ना मिलेगा। रोहाना को गागलहेड़ी मिल क्षेत्र में पांच सेंटरों के माध्यम से गन्ना मिलेगा। केवल सहकारी शुगर मिल मोरना अपने क्षेत्र के गन्ने पर निर्भर रहेगी।
चीनी मिलों को आवंटित सेंटर
- चीनी मिल: कुल सेंटर
- खतौली : 200
- तितावी : 120
- भैसाना : 76
- मंसूरपुर : 87
- टिकौला : 128
- खाईखेड़ी : 68
- रोहाना : 12
- मोरना : 04

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

