सोनभद्र में 290 करोड़ रुपये से बनेंगी 13 सड़कें, चुर्क में बनेंगे दो फोरलेन रोड

6.7kViews
1599 Shares

औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के बीच सोनभद्र में सड़कों का नेटवर्क मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है। लगभग 290.50 करोड़ रुपये से सोनांचल में सड़कों का जाल बिछेगा, विकास की गाड़ी दौड़ेगी।

औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत 13 सड़क परियोजनाओं के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। इनका मकसद औद्योगिक इकाइयों तक पहुंच आसान बनाने के साथ भारी वाहनों के आवागमन और स्थानीय कनेक्टिविटी की बाधाएं दूर करना है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के अनुसार, चार प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि एक अन्य प्रस्ताव प्रक्रिया में है।

चुर्क में दो फोरलेन, परिवहन को मिलेगी रफ्तार
चुर्क सीमेंट फैक्ट्री लिंक रोड के 4.9 किलोमीटर निर्माण पर 49.95 करोड़ और 4.84 किलोमीटर लंबी चुर्क-भिलाई बंधी रोड पर 49.85 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। किरहुलिया से महुली विहार सीमा तक 12 किलोमीटर सड़क के लिए 47.76 करोड़ और चेरुई से मारकुंडी जूनियर हाईस्कूल तक 6.4 किलोमीटर मार्ग के लिए 24.32 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।

31 किलोमीटर लंबे पटवध-बसुहारी मार्ग के निर्माण के लिए 58.88 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। खड़िया से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग तक आठ किलोमीटर सड़क पर 23 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा बर्दिया लिंक रोड, बिल्ली-मारकुंडी में तेज स्टोन क्रशर प्लांट से विजय आईटीआई तक सड़क और घुरमा फीडर से मारकुंडी के कुनियांव टोला तक मार्ग निर्माण भी योजना में शामिल है।

डाला से नधिरा तक कनेक्टिविटी सुधार पर जोर

डाला में दो सड़क परियोजनाओं के लिए दो करोड़ और 80 लाख रुपये प्रस्तावित हैं। नधिरा से बखिरवा तक 10 किलोमीटर सड़क के लिए 1.60 करोड़ और ओबरा की एक अन्य सड़क के लिए 35 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *