फरीदाबाद में होटल-रेस्टोरेंट के तंदूर में कोयला-लकड़ी जलाने पर रोक, पकड़े जाने पर होगी कार्रवाई

3.3kViews
1578 Shares

 वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम, नियंत्रण एवं शमन के लिए जारी ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के प्रविधानों के अनुपालन में जिलाधीश आयुष सिन्हा ने होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालयों में तंदूर के लिए कोयला एवं लकड़ी के ईंधन के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी प्रतिष्ठानों में तंदूर एवं अन्य उपकरणों के संचालन के लिए केवल बिजली, गैस अथवा अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का ही प्रयोग किया जाएगा।

कोयला व लकड़ी के ईंधन के उपयोग पर प्रतिबंध
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालयों में तंदूर के लिए कोयला व लकड़ी के ईंधन के उपयोग पर लागू प्रतिबंध के सख्त अनुपालन का प्रावधान किया गया है। इसके तहत संबंधित प्रतिष्ठानों को बिजली आधारित, गैस आधारित अथवा अन्य अनुमत स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का उपयोग करना अनिवार्य है।

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का आदेश

आदेश में माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए अनुमोदित ईंधनों की मानक सूची निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य स्वच्छ ईंधनों को बढ़ावा देना तथा वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना है। इसके अनुपालन में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा 21 जुलाई 2022 को आदेश जारी कर एनसीआर तथा गैर-एनसीआर क्षेत्रों के लिए अनुमोदित ईंधनों की सूची को अपनाया गया है। उक्त आदेश के अनुसार एनसीआर क्षेत्र में अनुमोदित ईंधनों की सूची एक जनवरी-2023 से पूर्ण तरह से प्रतिबंध है।

वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने का प्रयास

जिलाधीश आयुष सिन्हा ने कहा है कि पारंपरिक तंदूरों में कोयला एवं लकड़ी जलाने से पार्टिकुलेट मैटर सहित विभिन्न वायु प्रदूषकों का उत्सर्जन होता है, जिससे विशेषकर वायु गुणवत्ता खराब होने की अवधि में पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने के लिए जारी निर्देशों का प्रभावी एवं समन्वित क्रियान्वयन आवश्यक है।

उपकरणों के उपयोग की भी जांच की जाएगी

जिलाधीश आयुष सिन्हा द्वारा जारी निर्देशों के तहत नगर निगम फरीदाबाद तथा हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, फरीदाबाद क्षेत्र के क्षेत्रीय अधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालयों में तंदूर के लिए कोयला एवं लकड़ी के उपयोग पर रोक का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, इन प्रतिष्ठानों में बिजली, गैस अथवा अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों के उपयोग की भी जांच की जाएगी।

उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई होगी

सभी संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) को नगर निगम एवं अन्य संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर इन निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आदेश के अनुसार संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों को प्रतिदिन किए गए निरीक्षण, पाए गए उल्लंघनों तथा की गई कार्रवाई करेंगे। सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आदेश का अक्षरशः एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वायु गुणवत्ता सुधारने के सामूहिक प्रयासों में सहयोग करें

जिलाधीश आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा संबंधित कानूनों, सीएक्यूएम अथवा अन्य सक्षम प्राधिकारी द्वारा समय-समय पर जारी आगामी निर्देशों के अधीन प्रभावी रहेंगे। उन्होंने सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालय संचालकों से अपील की है कि वे तंदूर में कोयला एवं लकड़ी का प्रयोग तत्काल बंद कर केवल अनुमोदित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का उपयोग करें तथा वायु गुणवत्ता सुधारने के सामूहिक प्रयासों में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *