Exclusive: वसुंधरा पुलिस चौकी ब्लास्ट में निकला ‘पाकिस्तानी कनेक्शन’, सुरंग बनाने वाले बारूद से दहला था इलाका

6.3kViews
1281 Shares

लालकिला में 10 नवंबर हुए विस्फोट की पहली बरसी से चार दिन पूर्व इंदिरापुरम थाने की वसुंधरा चौकी के बाहर हुआ विस्फोट में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया है।

एजेंसियों की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विस्फोट में खदान, पत्थर-चट्टान तोड़ने व सुरंग बनाने में इस्तेमाल होने वाला ब्लास्टिंग पाउडर इस्तेमाल किया गया था। धमाके के पीछे आतंकियों को उद्देश्य अपनी मौजूदगी दिखाना है। पाकिस्तानी कनेक्शन आने के बाद अब एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है।

शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क की छानबीन तेज
दिल्ली सहित एनसीआर देश भर में अब पाकिस्तानी आतंकी एवं गैंग्सटर शहजाद भट्टी समेत अन्य आतंकियों के नेटवर्क की छानबीन तेजी से हो रही है। सूत्र बता रहे हैं कि जांच में सामने आ रहा है कि यह विस्फोट एजेंसियों द्वारा कौशांबी थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क ध्वस्त करने के प्रतिशोध में किया गया है।

इसके चलते ही आतंकियों ने धमाके के लिए पुलिस चौकी को निशाना बनाया। आतंकियों ने इस धमाके को अंजाम देकर यह संदेश देने का प्रयास किया है कि उनका नेटवर्क ध्वस्त नहीं हुआ है बल्कि गिरोह से जुड़े आतंकी अभी सक्रिय हैं।

सॉफ्ट टारगेट थी वसुंधरा पुलिस चौकी

वहीं यह बात भी स्पष्ट हो गई है कि वसुंधरा चौकी आतंकियों के लिए साफ्ट टारगेट थी, क्योंकि एलिवेटेड रोड से यहां धमाका करना और वहां से भागना उनके लिए सबसे आसान था। बता दें छह नवंबर की रात वसुंधरा चौकी के बाहर तेज धमाका हुआ था। इसमें आनलाइन कंपनी का डिलीवरी ब्वाय घायल हो गया था।

घटना के बाद एक्स पर गाजी 2 अकाउंट से की गई पोस्ट में तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान ने धमाके की जिम्मेदारी ली थी। डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल का कहना है कि फोरेंसिक की रिपोर्ट आने के बाद विस्फोटक के बारे में जानकारी हो सकेगी।

फिलहाल आरोपित की तलाश में एलिवेटेड रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। इसमें करीब एक हजार वाहनों की जांच की गई है। वाहन मालिकों, आसपास की झुग्गियों और संदिग्धों को मिलाकर करीब 1500 से अधिक लोगों की जांच की गई है। टीमें जांच में जुटी हैं।

अत्यंत तीव्र था धमाका, दो फीट का हो गया चौकी में गड्ढा

ब्लास्टिंग पाउडर पोटेशियम नाइट्रेट, सल्फर व चारकोल के मिश्रण से बनता है। यह पटाखे के बारूद से कहीं तीव्र और आरडीएक्स से काफी कम तीव्रता का होता है। एलिवेटेड रोड से इसे चौकी के बाहर जिस दीवार के पास फेंका गया, वहां करीब दो फीट का गड्ढा हो गया।

चौकी के कमरे के खिड़की उखड़ी गई थी, दीवार में भी छेद हो गया था, चौकी में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके के बाद करीब पांच सौ मीटर की परिधि में जमीन में कंपन हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *