Chhath Puja 2026 : अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में भी छठ का उल्लास, विदेशी धरती पर दिख रही बिहार की सांस्कृतिक पहचान

8.4kViews
1823 Shares

लोक आस्था का महापर्व छठ अब बिहार की सीमाओं तक सिमटा नहीं रह गया है। बिहार से निकलकर देश के कोने-कोने तक पहुंच चुका यह पर्व सात समंदर पार विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है।

अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में रामनगर के लोग अपनी माटी, संस्कृति और परंपरा से जुड़े रहने के लिए हर वर्ष पूरे विधि-विधान से छठ पूजा करते हैं। विदेशी धरती पर भी छठी मइया के गीत गूंजते हैं और श्रद्धालु अस्ताचलगामी व उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हैं।

विदेशों में रहने वाले बिहारियों ने छठ के लिए अलग-अलग स्थानों को घाट का स्वरूप देना शुरू कर दिया है। कहीं स्विमिंग पूल में अर्घ्य दिया जाता है तो कहीं घर के आंगन और सामुदायिक स्थलों को घाट की तरह सजाया जाता है।

बिहारियों की आस्था और छठ पूजा की परंपरा को देखकर स्थानीय विदेशियों में भी इस पर्व को जानने और समझने की उत्सुकता बढ़ी है। कई लोग पूजा में शामिल होकर इस अनूठी परंपरा को करीब से महसूस करते हैं।

न्यू जर्सी में सात वर्षों से सामूहिक आयोजन

अमेरिका के न्यू जर्सी में रहने वाले प्रशांत प्रभाकर पेशे से इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों को अपनी माटी, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से न्यू जर्सी में करीब सात वर्षों से सामूहिक रूप से छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए बिहार और झारखंड के लोगों की एक कमेटी बनी हुई है।

कमेटी की ओर से पूजा स्थल का चयन करने के साथ ही छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री की व्यवस्था की जाती है। कुछ आवश्यक सामग्री बिहार से आने वाले मित्रों के माध्यम से मंगाई जाती है। आयोजन की तैयारी कई दिन पहले से शुरू हो जाती है।

वहीं ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट क्वींसलैंड में रहने वाले अर्पित आनंद एकाउंट्स का काम देखते हैं। उन्होंने बताया कि पहले स्विमिंग पूल में ही छठ पूजा की जाती थी। अब श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण चार वर्षों से अलग छठ घाट तैयार कर पूजा की जा रही है।

यहां घाट पर पारंपरिक छठ गीत बजते हैं और महिलाएं मिलकर छठी मइया के गीत गाती हैं। अर्पित की पत्नी मंजू के साथ सीमा और रूपा भी पूजा में शामिल होती हैं। यहां बिहार और झारखंड के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के परिवार भी छठ पूजा में शामिल होते हैं।

सामूहिक रूप से श्रद्धालु घाट पर पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। घरों में ठेकुआ, खजूर सहित छठ के पारंपरिक प्रसाद तैयार किए जाते हैं। विदेश में रहते हुए भी लोग एक-दूसरे के साथ मिलकर पर्व की खुशियां बांटते हैं और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का संदेश देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *