बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के दौरान फिर हादसा, नीचे गिरने से 26 वर्षीय पर्यटक की मौत; परिवार के साथ घूमने आया था हिमाचल

8.4kViews
1884 Shares

विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में एक बार फिर रोमांचक उड़ान मातम में बदल गई। मंगलवार (10 नवंबर) को पैराग्लाइडिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में ग्रेटर नोएडा के 26 वर्षीय पर्यटक शुभम डोबलियाल की जान चली गई।

शुभम अपने परिवार के साथ हिमाचल घूमने आया था और इसी दौरान उसने बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग करने का फैसला किया। लेकिन आसमान की सैर का उसका यह शौक जिंदगी की आखिरी उड़ान साबित हुआ।

जानकारी के अनुसार, शुभम ने एक पायलट के साथ टेंडम पैराग्लाइडिंग फ्लाइट भरी थी। शाम के समय भरी इस उड़ान शुरू होने के करीब छह मिनट बाद ही वह पैराग्लाइडर से नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि वह बाड़ी गांव के समीप घने जंगल वाले क्षेत्र में जा गिरा।

बचाव दल ने शुरू किया तलाशी अभियान

उधर, पायलट सुरक्षित लैंडिंग साइट पर पहुंच गया। लैंडिंग के बाद पायलट ने अन्य पायलटों को यात्री के उड़ान के दौरान नीचे गिरने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और बचाव दल को सूचित किया गया। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल ने जंगल में तलाश अभियान शुरू किया।

रात के समय काफी मशक्कत के बाद शुभम का शव बरामद किया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। शुभम अपनी बहन और तीन चचेरे भाइयों के साथ हिमाचल घूमने आया था। परिवार के अन्य सदस्य भी पैराग्लाइडिंग कर रहे थे। शुभम के चचेरे भाई मनीष के अनुसार उन्हें हादसे की जानकारी अपनी उड़ान पूरी करने के बाद मिली, जब पायलट ने उन्हें घटना के बारे में बताया।

पायलट के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज

कांगड़ा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पायलट विनय कुमार के खिलाफ बीड़ पुलिस थाने में लापरवाही के कारण मौत होने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा के अनुसार अभी हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

प्रारंभिक तौर पर सुरक्षा बेल्ट के ढीली होने या टूटने अथवा उड़ान के दौरान पायलट द्वारा कोई विशेष मूवमेंट किए जाने सहित विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। पायलट का ड्रग टेस्ट भी करवाए जाने की जानकारी सामने आई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने बीड़-बिलिंग में टेंडम पैराग्लाइडिंग के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। टेंडम फ्लाइट में पर्यटक पूरी तरह पायलट और सुरक्षा उपकरणों पर निर्भर रहता है। ऐसे में उड़ान से पहले हार्नेस, सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच कितनी गंभीरता से की जा रही है, यह जांच का अहम विषय बन गया है।

एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने भी मामले की सभी पहलुओं से जांच किए जाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सोलो पैराग्लाइडिंग में पायलट स्वयं अपनी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होता है, जबकि टेंडम फ्लाइट में पर्यटक पूरी तरह पायलट पर भरोसा करता है। इसलिए इस घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता

बीड़-बिलिंग दुनिया भर के पैराग्लाइडिंग प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र है। हर साल यहां देश-विदेश से हजारों पर्यटक और पैराग्लाइडर पहुंचते हैं। ऐसे में इस तरह का हादसा न केवल पर्यटन स्थल की छवि बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाता है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उड़ान के महज छह मिनट बाद ऐसा क्या हुआ कि एक पर्यटक को अपनी जान गंवानी पड़ी। इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। उल्लेखनीय है कि यहां टेंडम उड़ानों की भी लगातार हादसे बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *