जबलपुर में प्रधान आरक्षक ने सरकारी आवास में लगाई फांसी, पारिवारिक विवाद में जान देने की आशंका

1901 Shares

 मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार देर रात की है। मृतक की पहचान 56 वर्षीय सुरेश चौधरी के रूप में हुई है। वे रांझी थाने में पदस्थ थे और सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सरकारी आवास में अकेले रहते थे।सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायमी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा।

सुबह से बंद था आवास का दरवाजा

सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि मंगलवार रात सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि शासकीय आवास में रहने वाले सुरेश चौधरी सुबह से घर के अंदर हैं। पड़ोस में रहने वाले साथी पुलिसकर्मी ने रात को दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और परिजनों को सूचना दी गई।

पारिवारिक विवाद की बात आई सामने

सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा खुलवाने पर सुरेश चौधरी फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

पुलिस की शुरुआती जांच में पड़ोसियों ने बताया कि सुरेश चौधरी कुछ दिनों से परेशान थे। इसकी वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। देर रात तक मृतक के परिजन भी जबलपुर पहुंच गए थे। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *