बलरामपुर में दीदियों के उत्पादों को मिलेगा संस्थागत बाजार, नियमित आय के खुलेंगे रास्ते

8.2kViews
1571 Shares

शिक्षा विभाग और पंचायती राज विभाग ने स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के साथ उनके उत्पादों की खरीद के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया। इस पहल से समूहों के उत्पादों को संस्थागत बाजार मिलेगा। मांग बढ़ने के साथ महिलाओं के लिए नियमित आय के अवसर सृजित होंगे। यह कदम महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

इससे पहले राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिला मुख्यालय पर महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद (एमपीपी) इंटर कालेज परिसर में आयोजित तीन दिवस सरस मेला का मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्त ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। सीडीओ ने कहा कि सरस मेले का मुख्य उद्देश्य दीदियों को बेहतर बाजार, आय में वृद्धि और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण महिलाओं में स्वरोजगार के प्रति रुचि बढ़ती है।

इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। उपायुक्त स्वत: रोजगार सुशील कुमार अग्रहरि ने बताया कि मेले में विभिन्न विकास खंडों की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए स्टाल लगाए गए हैं। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी।

ग्रामीण संस्कृति और प्रतिभा को मंच भी प्रदान हुआ। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सोनी, जिला पंचायत राज अधिकारी अशाेक कुमार सचान, बीएसए विकास चंद्र श्रीवास्तव, जिला मिशन प्रबंधक अखिलेश मौर्य, विवेक गोदर समेत सभी ब्लाक मिशन प्रबंधक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *