धनबाद और देवघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

1756 Shares

झारखंड के धनबाद और देवघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हलचल मच गई। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। धनबाद पोस्ट आफिस को खाली कराया गया। इसके बाद जांच की गई। हालांकि बम नहीं मिला।

दोपहर करीब 1:30 बजे रांची स्थित रीजनल पासपोर्ट कार्यालय को एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें राज्य के पासपोर्ट सेवा केंद्रों को निशाना बनाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित जिलों के पुलिस प्रशासन को सतर्क किया गया और दोनों शहरों में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया गया।

धनबाद में पासपोर्ट सेवा केंद्र मुख्य डाकघर में है। मुख्य डाकघर को एहतियातन खाली कराया गया। पुलिस ने पूरे परिसर को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर से सटे बीएसएनएल कार्यालय और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के कार्यालय को भी खाली कराया गया। पुलिस ने परिसर की गहन जांच की और ईमेल भेजने वाले की पहचान के प्रयास शुरू किए।

वहीं, देवघर के प्रधान डाकघर परिसर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में भी इसी ईमेल के आधार पर सुरक्षा जांच शुरू की गई। सूचना मिलने पर एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड की सहायता से कार्यालय के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से तलाशी ली गई ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।

पुलिस के अनुसार धनबाद और देवघर दोनों स्थानों पर किसी भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। यह राहत की बात है। इसके बावजूद, पुलिस धमकी को गंभीरता से लेते हुए पूरी सतर्कता बरत रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

जांच पूरी होने तक दोनों पासपोर्ट सेवा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *