जहानाबाद में प्रेम प्रसंग में युवक और महिला ने दी जान, श्मशान घाट से पुलिस ने जब्त किए शव
वाणावर पर्यटन थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में मंगलवार को एक युवक और महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। दोनों की मौत को लेकर प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया
ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पहले युवक दुखन चौधरी ने गले में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। कुछ ही देर बाद महिला रिंकी देवी ने भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण दोनों शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान घाट ले गए। इसी दौरान सूचना मिलने पर वाणावर पर्यटन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में ले लिया।
दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात
थानाध्यक्ष फूलचंद कुमार यादव ने बताया कि अकबरपुर गांव में एक युवक और महिला की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। दोनों की मौत कुछ ही अंतराल पर हुई है। वहीं मृतक युवक के भाई अमरजीत कुमार ने मामले में अलग पहलू सामने रखा है।
उनका कहना है कि दुखन चौधरी आटो की किस्त और कर्ज के बोझ से परेशान था। इस वजह से उसने खुदकुशी कर ली। उसका एक बच्चा है। जबकि महिला रिंकी देवी के दो बच्चे हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

