पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की जन संवाद यात्रा का रामनगर में स्वागत, साथ रहे पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल
रामनगर: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की जन संवाद यात्रा सोमवार को रामनगर पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल भी हरीश रावत के साथ मौजूद रहे।
छोलिया नृत्य और फूल-मालाओं से हुआ स्वागत
जन संवाद यात्रा के रामनगर पहुंचने पर शिवलालपुर चुंगी के पास समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरीश रावत का स्वागत किया। इस दौरान छोलिया नृत्य और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया। समर्थकों में यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान हरीश रावत को कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से लाद दिया। इसके बाद उनका काफिला भवानीगंज और रानीखेत रोड होते हुए कालाढूंगी की ओर रवाना हुआ।
आठ जेसीबी से बरसाए गए फूल
यात्रा के स्वागत के दौरान समर्थकों ने आठ जेसीबी मशीनों के जरिए हरीश रावत के काफिले पर फूलों की वर्षा की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। यात्रा में गोविंद सिंह कुंजवाल के अलावा रामनगर की पालिकाध्यक्ष मोहम्मद अकरम, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, उप ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी सहित कई स्थानीय नेता शामिल हुए।
जसपुर से शुरू हुई यात्रा
हरीश रावत की जन संवाद यात्रा जसपुर से शुरू होकर हल्द्वानी तक जाने वाली है। यात्रा के दौरान काशीपुर, रामनगर और कालाढूंगी समेत कई क्षेत्रों से होकर गुजरने का कार्यक्रम है। रावत ने इसे जनता से संवाद और उनकी समस्याओं को समझने से जुड़ी पहल बताया है।
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। हरीश रावत के यात्रा जारी रखने के फैसले को लेकर कांग्रेस के भीतर भी चर्चा बनी हुई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

