गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 59,250 एमएल अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अलग-अलग स्थानों से हुई बरामदगी
पुलिस के अनुसार, थाना सदर की टीम ने जोड़ा छत्तरां के श्मशानघाट के पास से रमन कुमार को 7,500 एमएल अवैध शराब के साथ पकड़ा। वहीं थाना धारीवाल की पुलिस ने तरीजा नगर मोड़ से मनप्रीत को 6,750 एमएल शराब सहित गिरफ्तार किया।
इसी तरह थाना बहरामपुर की टीम ने बहरामपुर के सांसिया मोहल्ला निवासी बनारसी दास के कब्जे से 7,500 एमएल अवैध शराब बरामद की। थाना घुम्मण कलां पुलिस ने बांगोवाणी निवासी बलविंदर सिंह को 7,500 एमएल शराब के साथ गिरफ्तार किया।
महिला के घर पर छापेमारी
पुलिस की एक टीम ने थाना दोरांगला क्षेत्र के गाहलड़ी मुगलानी चक में एक महिला के घर पर छापेमारी की। यहां से 30,000 एमएल अवैध शराब बरामद हुई और रजनी नाम की महिला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

