नंगल के युवक को सऊदी अरब में मौत की सजा, नशीले पदार्थ मामले में 2 साल जेल के बाद आया फैसला
पंजाब के नंगल के पास पत्ती लोअर गांव के रहने वाले गुरप्रीत सिंह उर्फ बब्बी को सऊदी अरब में कथित नशीले पदार्थों के मामले में मौत की सजा सुनाई गई है। गुरप्रीत करीब चार साल पहले रोजगार के सिलसिले में विदेश गया था और ट्रक चालक के तौर पर काम करता था।
परिवार के मुताबिक, गुरप्रीत का मस्कट से सऊदी अरब आना-जाना होता था। करीब दो साल पहले उसके ट्रक से कथित तौर पर नशीले पदार्थ बरामद होने के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद वह करीब दो साल तक जेल में रहा और अब अदालत की ओर से उसे मौत की सजा सुनाए जाने की जानकारी परिवार को मिली।
परिवार ने बताया निर्दोष, सरकार से मदद की अपील
गुरप्रीत के परिवार का कहना है कि वह निर्दोष है और उसे मामले में फंसाया गया है। परिवार ने केंद्र और पंजाब सरकार से हस्तक्षेप करने की अपील की है। गुरप्रीत की मां ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस से भी मदद की गुहार लगाई है।
परिवार की मांग है कि मामले को राजनयिक स्तर पर सऊदी अरब के अधिकारियों के सामने उठाया जाए और गुरप्रीत की सजा कम कराने के लिए उपलब्ध कानूनी विकल्पों पर काम किया जाए। गांव की सरपंच ने भी सरकार से मामले में हस्तक्षेप की अपील की है।
विदेश मंत्रालय तक पहुंची जानकारी
रिपोर्ट के मुताबिक, 24 सितंबर को रूपनगर के उपायुक्त को मस्कट स्थित भारतीय दूतावास की ओर से गुरप्रीत को सुनाई गई मौत की सजा के संबंध में पत्र मिला था। इसके बाद नंगल के तहसीलदार के माध्यम से परिवार को इसकी जानकारी दी गई।
पंजाब के मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने परिवार को मदद का आश्वासन देते हुए कहा है कि वह गुरप्रीत की सजा माफ कराने की मांग वाली मर्सी पिटीशन को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के समक्ष रखने का प्रयास करेंगे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

