उत्तराखंड में पांच जिलों में रेड अलर्ट, नैनीताल में भारी बारिश; आदि कैलास-पूर्णागिरि यात्रा रोकी

3.2kViews
1002 Shares

आज का मौसम: उत्तराखंड के पांच जिलों में रेड अलर्ट, नैनीताल में रात से लगातार बारिश… आदि कैलास और पूर्णागिरि यात्रा रोकी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। शनिवार को राज्य के पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

नैनीताल और पिथौरागढ़ समेत कई इलाकों में रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है। नैनीताल में लगातार बारिश के कारण नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। नैनी झील का जलस्तर भी बढ़ने के बाद झील से पानी की निकासी की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार यहां अब तक करीब 70 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

आदि कैलास यात्रा रोकी गई

पिथौरागढ़ जिले में खराब मौसम और सड़क पर पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए आदि कैलास यात्रा शनिवार को रोक दी गई है। टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर घाट क्षेत्र में भी यातायात प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है।

पूर्णागिरि धाम की यात्रा भी स्थगित

चंपावत में लगातार बारिश और मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए मां पूर्णागिरि धाम की यात्रा अग्रिम सूचना तक स्थगित कर दी गई है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।

नैनीताल में जनजीवन प्रभावित

नैनीताल में रात करीब नौ बजे से शुरू हुई बारिश शनिवार को भी जारी रही। तेज बारिश के कारण शहर के नाले उफान पर आ गए और लोअर मालरोड समेत कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। लगातार बारिश के चलते स्थानीय जनजीवन प्रभावित हुआ है और पर्यटक भी वापस लौटने लगे हैं।

कई इलाकों में सड़कें प्रभावित होने का खतरा

मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और लोगों से मौसम की चेतावनी के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *