नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) मिर्जाचौकी से महागामा तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराएगा। यह एनएच 133 का विस्तार होगा। यह राजमार्ग सदर प्रखंड के हाजीपुर में एनएच 33 (पुराना एनएच 80) में जुड़ जाएगा। इसकी लंबाई करीब 49.5 किमी होगी। इसमें 22.5 किलोमीटर साहिबगंज तो शेष गोड्डा जिले में आएगा।
60 किलोमीटर सड़क का निर्माण
महागामा से हंसडीहा के बीच करीब 60 किलोमीटर सड़क का निर्माण एनएचएआई पहले ही करा चुका है। इसपर वाहनों का परिचालन शुरू है। काफी समय से एनएच 133 को एनएच 33 से जोड़ने की कवायद चल रही थी। पूर्व में महागामा-एकचारी रोड को फोरलेन करने का प्रस्ताव था। लेकिन एनएचएआई ने इसे अनुपयोगी माना। ऐसे में हंसडीहा-महागामा एनएच 133 को मिर्जाचौकी में भागलपुर-फरक्का पथ (एनएच 33) में जोड़ने की योजना तैयार की गयी है।
एनएचएआई के स्थानीय निदेशक अनुराग गुप्ता ने शुक्रवार को गोड्डा तो शनिवार को साहिबगंज उपायुक्त से इस प्रस्ताव पर चर्चा की। दोनों जगह से इसपर हरी झंडी मिल गयी है। अब इस प्रस्ताव को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
कटिहार-पूर्णिया के लोगों को भी फायदा
इस सड़क का निर्माण होने से कटिहार-पूर्णिया, किशनगंज आदि जिलों के लोगों को भी फायदा होगा। इन जिलों के लोग अभी भागलपुर-गोड्डा होकर देवघर जाते हैं। अगले साल तक गंगा नदी पर पुल बनकर तैयार हो जाएगा।
ऐसे में कटिहार-पूर्णिया के लोग पुल पार करने के बाद दाएं घुम जाएंगे तथा मिर्जाचौकी-महागामा होते हुए सीधे देवघर पहुंच सकेंगे। गोड्डा के लोगों को सिलिगुड़ी आदि जाना आसान हो जाएगा। उधर, हंसडीहा से देवघर के बीच बनने वाली फोरलेन सड़क का भी टेंडर हो चुका है। ऐसे में जल्द ही उसका भी काम शुरू हो जाने की उम्मीद है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

