लद्दाख में पर्यटन को लगेंगे नए पंख, थोइस एयरबेस से दिसंबर तक शुरू हो सकती है नागरिक उड़ान सेवा

8.9kViews
1387 Shares

लद्दाख के लोगों और पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। नुब्रा घाटी के थोइस एयरबेस से अब नागरिक हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। सरकार ने दिसंबर तक यहां से सिविलियन फ्लाइट आपरेशन शुरू करने का लक्ष्य तय किया है।

नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक में पूरे प्लान की समीक्षा की। इसकी अध्यक्षता लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने की। रक्षा मंत्रालय, वायुसेना, एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया (एएआइ) और प्रशासन के बड़े अधिकारी मौजूद रहे। वायुसेना ने थोइस में नए सिविल टर्मिनल के लिए पांच एकड़ जमीन दी है।उक्त हवाई सेवा शुरू होने से द्रास, कारगिल, तुरतुक व सियाचिन आधार शिविर में पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी। मौजूदा समय में थोइस एयरबेस का उपयोग वायुसेना करती है। फिलहाल, लेह एयरपोर्ट से ही व्यावसायिक उड़ानें चल रही हैं।

एएसआइ जल्द ही बताएगी कि क्या-क्या सुविधाएं चाहिए, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी काम शुरू करेगा। थोइस के रनवे की री-कार्पेटिंग का काम अभी चल रहा है, जो नवंबर तक पूरा हो जाएगा। दिसंबर से उड़ानें शुरू करने का लक्ष्य है।

इससे नुब्रा वैली, तुरतुक और सियाचिन बेस कैंप तक जाने वाले इलाकों की कनेक्टिविटी पूरी तरह बदल जाएगी और मुश्किल सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होगी। थोइस लद्दाख की नुब्रा घाटी में श्योक नदी के पास महत्वपूर्ण सामरिक वायु सेना स्टेशन है। समुद्र तल से लगभग 10,066 फीट की ऊंचाई पर यह बेस सियाचिन और वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के करीब सैन्य गतिविधियों और लाजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *