फायरिंग की घटना के 48 घंटे बाद देहरादून में फिर बवाल, चले लाठी-डंडे… लहराई पिस्टल

5.0kViews
1885 Shares

पटेलनगर में फायरिंग की घटना के 48 घंटे बाद ही प्रेमनगर में भी लाइसेंसी पिस्टल लहराई गई। सड़क पर खड़ी कार को हटाने को लेकर बस चालक और कार चालकों के बीच विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ा की लाठी-डंडे चले। इसमें दो युवक घायल हो गए। कार चालकों की ओर से लाइसेंसी पिस्टल लहराते हुए बस चालक को धमकाया गया। जिसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

लाइट को हाई बीम करके खड़ा था चालक
शुक्रवार की देर रात प्रेमनगर क्षेत्र में नेक्स्ट हास्टल के पास दो पक्षों में विवाद हो गया। झाझरा निवासी गौरव निजी संस्थान की बस लेकर रात के समय मांडूवाला स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान नेक्स्ट हास्टल के पास फार्च्यूनर कार चालक बीच सड़क पर गाड़ी की लाइट को हाई बीम करके खड़ा था।

बस चालक ने कार हटाने को कहा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान बस चालक ने डंडा निकालकर कार चालक पर वार कर दिया। कार चालक ने हमला होता देख अपने दूसरे साथी को भी मौके पर बुला लिया। इस दौरान कार चालकों ने लाइसेंसी पिस्टल लहराकर धमकाते हुए गाली-गलौच व मारपीट की। दोनों कार चालकों की पहचान नीरज राजपूत और मनीष नेगी के रूप में हुई है।

विवाद के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित नीरज निवासी भाऊवाला, मनीष निवासी मांडूवाला और गौरव निवासी प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की है। जांच में पता चला है कि पिस्टल नीरज राजपूत के नाम पर है। पुलिस आरोपितों से बरामद हुई पिस्टल के लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने पांच जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त डंडा और कार बरामद की है।

मचा हड़कंप, पिस्टल देख सहमे लोग

प्रेमनगर में जिस समय दो पक्षों के बीच ये विवाद हुआ तो आसपास भीड़ जमा हो गई। लाठी डंडे चलते देख आसपास हड़कंप मच गया। इसी दौरान आरोपित ने पिस्टल निकाली तो लोग सहम उठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *