चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) परिसर में पढ़ने वाली अनुसूचित जाति की छात्रा से दारोगा ने दुष्कर्म किया। आरोपित ने छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर साथी दारोगा के फ्लैट पर ले गया था। छात्रा की तहरीर पर भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रायबरेली निवासी ललित मोहन 2023 बैच का दारोगा है। उनकी तैनाती मेडिकल थाने की तेजगढ़ी चौकी पर चल रही है। कई मौके पर वह सीसीएसयू परिसर में जाता था। पिछले वर्ष शामली निवासी अनुसूचित जाति की छात्रा से दारोगा ललित की मुलाकात हुई। युवती कैंपस में स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की छात्रा थी।
दारोगा ने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया। बातचीत के बाद दोनों में दोस्ती हो गई। दो सप्ताह पहले युवती डिग्री लेने के लिए यूनिवर्सिटी कैंपस आई थी। दारोगा ने उससे मुलाकात की और शादी का प्रस्ताव रखा। युवती को रेस्टोरेंट में ले जाने का झांसा देकर कार में बैठाकर भोपाल विहार में साथी दारोगा के फ्लैट पर ले गया। उस समय वह छुट्टी पर अपने घर गया था। यहां ललित ने युवती से दुष्कर्म किया।
बाद में युवती ने शादी का प्रस्ताव रखा तो दारोगा ने इन्कार कर दिया। युवती ने 14 अगस्त को एसएसपी अविनाश पांडेय को मामले को जानकारी दी। एसएसपी ने युवती की तहरीर पर भावनपुर थाने में दारोगा के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया।
इसका पता लगने पर दारोगा ललित ने इंस्पेक्टर सतवीर अत्री से अवकाश स्वीकृत कराया और थाना छोड़कर चला गया। तब से वह गैरहाजिर है। पीड़िता का आरोप है कि उसे बयान के लिए थाने में बुलाया गया था, जहां उस पर समझौते का दबाव बनाया गया। इसके बाद पीड़िता बुधवार को फिर एसएसपी कार्यालय पहुंची। एसएसपी ने बताया कि दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। युवती के जल्द बयान दर्ज किए जाएंगे।
अब पीड़िता ने ठुकराया शादी का प्रस्ताव दुष्कर्म के मुकदमे में समझौता करने के लिए दो दिन पहले दारोगा का परिवार युवती के घर शामली पहुंचा था। परिवार के लोगों ने दारोगा से युवती के साथ शादी कराने का प्रस्ताव रखा लेकिन युवती ने प्रस्ताव ठुकरा दिया। युवती का कहना था कि दारोगा ने प्लानिंग की है कि मुकदमे से बचने के लिए शादी कर लेगा। उसके बाद दहेज के लिए प्रताड़ित कर छोड़ देगा ताकि दुष्कर्म के मुकदमे से निजात मिल सके।
हर विवाद में ललित पहुंच जाता था विश्वविद्यालय
दारोगा ललित मोहन की तैनाती तेजगढ़ी चौकी पर थी। उसके बावजूद विश्वविद्यालय में हर विवाद पर पहुंच जाता था, जबकि वहां अलग से पुलिस चौकी है। यूनिवर्सिटी में छात्रा से मिलता था। एक साल से दोनों में बातचीत हो रही थी। दोनों यूनिवर्सिटी में ही मिलते थे। कई बार छात्रा को उसके घर शामली छोड़ने भी गया था। एसओ जोगेंद्र कुमार ने बताया कि छात्रा को शादी का झांसा देकर ही ललित ने प्रेमजाल में फंसाया था।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

