सिर पर कैप, ट्रैक सूट और सादा कपड़ों में एसएसपी नीरज कुमार जादौन बुधवार को महुआखेड़ा क्षेत्र स्थित शराब ठेके पर पहुंचे। यहां ठेके के बाहर खुले में जाम छलक रहे थे। कुछ लोग कार में बैठकर शराब पी रहे थे। एसएसपी ने शराबियों के बीच पहुंचकर शराब से भरे गिलास गिराने शुरू किए तो वहां मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
कुछ ने एसएसपी को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन तभी चारों तरफ से पुलिस ने घेराबंदी कर ली। अचानक हुई कार्रवाई से शराबियों में भगदड़ मच गई। दो दिन पहले जनसुनवाई के दौरान एसएसपी को शिकायत मिली थी कि जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के साथ महिलाओं के साथ अभद्रता और अशोभनीय व्यवहार की घटनाएं हो रही हैं।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया था कि क्षेत्रीय पुलिस इन गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने बुधवार को जिलेभर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलवाया। एसएसपी खुद महुआखेड़ा पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने क्वार्सी क्षेत्र के ज्वालापुरी और सुरेंद्र नगर में भी सादा कपड़ों में पहुंचकर आकस्मिक चेकिंग की। संदिग्ध वाहनों की भी जांच कराई गई।
अभियान के दौरान नगर क्षेत्र के कोतवाली नगर, सासनीगेट, देहलीगेट, रोरावर, बन्नादेवी, गांधीपार्क, महुआखेड़ा, क्वार्सी, सिविल लाइन, जवां, गभाना, लोधा और चंडौस थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने अभियान चलाया। सासनीगेट में 20, गांधीपार्क में 18, बन्नादेवी में 17, क्वार्सी में 16, देहलीगेट में 12 और रोरावर में 10 लोगों को हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
ग्रामीण क्षेत्र के अतरौली, हरदुआगंज, गोधा, छर्रा, गंगीरी, दादों, पालीमुकीमपुर, बरला, अकराबाद, विजयगढ़, इगलास, गोरई, मडराक, गोंडा, खैर, टप्पल और पिसावा थाना क्षेत्रों में चेकिंग हुई। इगलास में 21, मडराक में 62 और गोंडा में चार लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की गई। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जिलेभर में 99 स्थानों पर 1065 संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की गई।
इनमें से 224 लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एक कार और सात मोटरसाइकिलों को सीज किया गया। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर नियमित गश्त और आकस्मिक चेकिंग करते हुए महिलाओं से अभद्रता करने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

