खुशी-खुशी ससुराल पहुंचा था पवन, अगले दिन मिली लाश, रोते हुए पिता ने उठाए मौत पर सवाल

1631 Shares

 रविवार को पत्नी से मिलने और ससुराल आया 25 वर्षीय पवन कुमार सोमवार को मृत मिला। ससुराल आने के अगले ही दिन युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के पटियासा में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।

मृतक के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटे को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी आरोपों की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

दिल्ली में रहकर करता था मजदूरी

मृतक की पहचान मीनापुर क्षेत्र निवासी भरत प्रसाद के पुत्र पवन कुमार (25) के रूप में हुई है। पिता के अनुसार पवन दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। वह रविवार को ही अहियापुर के पटियासा स्थित अपने ससुराल आया था। सोमवार को उसकी मौत की खबर मिलने के बाद स्वजन के होश उड़ गए।

शव मिलने से मची सनसनी

सोमवार को पटियासा में युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने की सूचना आसपास के लोगों को मिली। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *