समाजवादी पार्टी के संस्थापकों में से एक आजम खां के खिलाफ गुरुवार को लखनऊ में मुकदमा दर्ज किया गया है। आजम खां के खिलाफ हज समिति की जमीन बेचने में गड़बड़ी का आरोप था, जिसमें बड़े राजस्व की हानि की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस ने केस दर्ज किया है।
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की जमीन की बिक्री में गड़बड़ी के मामले में विजिलेंस ने समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश हज समिति के पूर्व अध्यक्ष आजम खां समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विजिलेंस जांच में जमीन की बिक्री से समिति को 2.08 करोड़ रुपए के राजस्व नुकसान की पुष्टि हुई है। आरोप है कि निजी फर्म को फायदा पहुंचाने के लिए जमीन की बिक्री में नियमों की अनदेखी की गई और पद का दुरुपयोग किया गया। विजिलेंस ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए निजी फर्म को लाभ पहुंचाने के लिए जमीन की बिक्री में निर्धारित नियमों की अनदेखी की।
धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के तहत केस
विजिलेंस ने मामले में धोखाधड़ी समेत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। FIR के बाद मामले की विवेचना इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह को सौंपी गई है।
आजम खां समेत पांच हैं आरोपी
इस प्रकरण में तत्कालीन हज समिति अध्यक्ष आजम खां के अलावा सचिव रहे लईक अहमद व डॉ. एमएए खान को आरोपी बनाया गया है। इनके साथ आमिश डेवलपर्स के प्रोपराइटर मो. अयूब और मुस्तकीम अहमद को भी आरोपी बनाया गया है।
ऐशबाग के कायमखेड़ा में थी 60 हजार वर्गफीट जमीन
विजिलेंस के लखनऊ सेक्टर में इंस्पेक्टर ध्रुव चंद्र मौर्य की तहरीर पर FIR दर्ज की गई है। राजधानी के ऐशबाग क्षेत्र के कायमखेड़ा (दुगांवा) की जमीन से जुड़ा यह मामला है। यहां खसरा संख्या-117 में राज्य हज समिति की करीब 60 हजार वर्गफीट जमीन बताई गई है। जांच में सामने आया कि इस जमीन की बिक्री में नियमों का पालन नहीं किया गया। विजिलेंस के मुताबिक, इससे समिति को राजस्व का नुकसान हुआ।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

