जिले के काछवा-बहलोलपुर मार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। बहलोलपुर गांव के पास भूसा लेने जा रहा एक महिंद्रा 575 ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल पांच लोग सवार थे, जो काछवा से बहलोलपुर गांव में भूसा लेने जा रहे थे। रास्ते में अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन बेकाबू होकर खेत में जा गिरा, जिससे उसमें सवार सभी पांचों लोग नीचे दब गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया और करनाल के कल्पना चावला गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

