हिमाचल पुलिस ने अरेस्ट किया अपना ही कॉन्स्टेबल, शिमला कोर्ट के जारी वारंट पर हुई कार्रवाई

5.7kViews
1379 Shares

 हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में तैनात एक पुलिस कॉन्स्टेबल को शिमला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित पर कोर्ट की ओर से जारी गैर जमानती वारंट की तामील नहीं करने का आरोप है। ऐसे में शिमला पुलिस ने चंबा बाजार से आरोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश किया है।

शिमला पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 में आरोपित के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में सदर थाना शिमला में मामला दर्ज है। इस मामले में यह पुलिस कॉन्स्टेबल न्यायालय से फरार चल रहा था।

भटियात निवासी कॉन्स्टेबल के विरुद्ध दर्ज है मामला

सदर थाना में आरोपित 29 वर्षीय अजय कुमार निवासी गांव एवं डाकघर रायपुर, थाना चुवाड़ी, तहसील भटियात, जिला चंबा हिमाचल प्रदेश के विरुद्ध धारा 457 एवं 511 भारतीय दण्ड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में अन्वेषण पूर्ण होने के उपरांत चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां मामला वर्तमान में विचाराधीन है।

कोर्ट में हाजिर न होने पर जारी हुए वारंट

विचारण के दौरान आरोपित नियत तिथियों पर न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ, जिसके चलते उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किए गए। पूर्व में भी आरोपित को गैर-जमानती वारंट की तामील में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका था, किन्तु पुन अनुपस्थित रहने पर उसके विरुद्ध नए गैर-जमानती वारंट जारी हुए। गैर-जमानती वारंट की तामील करते हुए पुलिस थाना सदर, शिमला की टीम ने रविवार को आरोपित को चंबा बाजार से गिरफ्तार किया।

पुलिस लाइन चंबा में तैनात है आरक्षी

आरोपित वर्तमान में पुलिस लाइन जिला चंबा में आरक्षी के पद पर कार्यरत है। उसे नियमानुसार थाना सदर, शिमला लाया गया है तथा सोमवार को न्यायालय कोर्ट नंबर 3, शिमला के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

क्या कहते हैं एसपी शिमला

एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि कानून सभी के लिए समान है तथा न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *