हरियाणा में ATM लूटने पहुंचीं 2 शातिर लड़कियां, एक पेचकस से मशीन कुरेदती रही और दूसरी देती रही पहरा

6.0kViews
1842 Shares

एटीएम में चोरी के मामले तो आपने बहुत सुने होंगे, लेकिन रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में सोमवार को चोरी का प्रयास करने का तरीका कुछ अलग ही नजर आया। बस स्टैंड स्थित हिताची कंपनी के एटीएम में दिनदहाड़े दो लड़कियां सेंध लगाने पहुंच गईं।

एक लड़की पेचकस लेकर एटीएम मशीन से नकदी निकालने का प्रयास करती रही, जबकि दूसरी बाहर खड़ी होकर पहरा देती रही। दोनों की यह पूरी करतूत एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे दोनों लड़कियां बाइक पर सवार होकर धारूहेड़ा बस स्टैंड पहुंचीं। उन्होंने बाइक एटीएम के बिल्कुल पास खड़ी की और दोनों अंदर चली गईं। काले रंग की टी-शर्ट पहने एक लड़की ने पेचकस निकाला और एटीएम मशीन के उस हिस्से से छेड़छाड़ शुरू कर दी, जहां से नकदी निकलती है।

दूसरी लड़की एटीएम के गेट पर खड़ी होकर लगातार आसपास नजर रखती रही। सीसीटीवी फुटेज में वह एटीएम में आने वाले लोगों को अंदर जाने से रोकती हुई भी दिखाई दे रही है। दोनों कुछ समय तक एटीएम में रहीं और इसके बाद बाइक से वहां से निकल गईं।

दोनों के जाने के बाद एक युवक एटीएम से पैसे निकालने पहुंचा। मशीन काम नहीं करने पर उसने वहां मौजूद गार्ड को इसकी जानकारी दी। गार्ड ने एटीएम की जांच की तो मशीन के साथ छेड़छाड़ किए जाने का पता चला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखी गई, जिसमें दोनों लड़कियों की करतूत सामने आ गई।

पुलिस अब एटीएम का रिकॉर्ड खंगाल रही है। इससे यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों लड़कियां एटीएम से नकदी निकालने में सफल हुईं या नहीं और यदि नकदी चोरी हुई है तो उसकी रकम कितनी है। फुटेज के आधार पर पुलिस दोनों की पहचान करने में जुटी है।

जांच के बाद दर्ज होगा केस

सेक्टर छह थाना प्रभारी सचिन ने बताया कि बस स्टैंड स्थित हिताची एटीएम के संबंध में शिकायत मिली है। शिकायतकर्ता ने अभी यह नहीं बताया है कि कितनी नकदी चोरी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *