सड़क पर पड़ा रहा शव, 3 घंटे तक हंगामा: कुंदरकी में महिला की हत्या के बाद भागे ससुराली, गले पर मिले चोट के निशान
मुहल्ला नुरुल्ला निवासी मिथलेश की मौत के बाद ससुरालियों और स्वजन के बीच सोमवार जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद ससुराली शव सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस चौकी के पास करीब तीन घंटे चले हंगामे के दौरान महिला का शव सड़क पर ही रखा रहा।
गले और शरीर पर चोट के निशान देख गुस्साए स्वजन ने पति सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं आरोपितों ने मिथलेश की मौत करंट लगने से होना बताया है। मौके पर पहुंचीं फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।भगतपुर थाना क्षेत्र के परशुपुरा बाजे गांव निवासी प्रीतम सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन मिथलेश की शादी 2021 में मुहल्ला नुरूल्ला निवासी राहुल से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुराली जन उसे प्रताड़ित करते रहते थे।
मिथलेश की बहन प्रवेश देवी ने बताया कि रविवार रात राहुल और उसके स्वजन मिथलेश के साथ मारपीट कर रहे थे, वह बीच बचाने पहुंची तो उनके साथ अभद्रता कर दी। आरोप है कि देर रात मारपीट के दौरान आरोपितों ने मिथलेश की गला दबाकर हत्या कर दी।
सुबह पड़ोसियों को करंट लगने से मौत होने की झूठी बात बताकर वह पहले मिथलेश को सीएचसी ले गए फिर मुरादाबाद जिला अस्पताल ले गए। जहां मृत घोषित होने के बाद स्वजन शव लेकर कुंदरकी पुलिस चौकी के पास पहुंचे थे।
तभी मायके से पहुंचे भाई प्रीतम सिंह, सुनील कुमार और बहन प्रवेश देवी का ससुरालियों से आमना सामना हो गया। मिथलेश के शव के गले और शरीर पर चोटों के निशान देख स्वजन आक्रोशित हो गए। दोनों पक्षों में बहस होने के बाद मारपीट शुरु हो गई।
इस दौरान करीब तीन घंटे तक शव सड़क पर ही रखा रहा। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ अशोक कुमार, नायब तहसीलदार अभिनय कुमार, चौकी प्रभारी संजय त्यागी और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
दोनों पक्षों को शांत कराया। साक्ष्य एकत्रित किए। मृतका के भाई प्रीतम सिंह की तहरीर पर पति राहुल पाल, मुन्ना सिंह, माया, दीक्षा व हिद्रेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इधर मौका देख आरोपित भाग निकले।
बहन ने कराई थी मिथलेश की शादी
पड़ोस में रहने वाली प्रवेश देवी ने बताया कि उन्होंने ही बहन मिथलेश की शादी राहुल से कराई थी। मिथलेश के तीन बच्चे कनिष्ठा (5), पारस (4) और अनुष्का एक साल की है। वही करंट से मौत होने की बात स्वजन के गले नहीं उतर रही है।
प्रकरण में शिकायती पत्र के आधार पर ससुराल पक्ष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही आरोपितों को गिरफ्तार कराया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

