कुटुंबा प्रखंड के रिसियप निवासी एवं राष्ट्रीय जनता दल के प्रखंड सचिव सरोज यादव के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। मंगलवार को उनके अंतिम संस्कार में राजद कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। नम आंखों से लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
अंतिम यात्रा में उमड़ी लोगों की भीड़
अंतिम यात्रा के बाद राजद प्रखंड अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। इसमें उपस्थित लोगों ने दिवंगत सरोज यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
वक्ताओं ने कहा कि सरोज यादव महज राजद के नेता नहीं, बल्कि समाज के लिए समर्पित कार्यकर्ता और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे।
जरूरतमंदों की मदद के लिए रहते थे आगे
वक्ताओं ने कहा कि सरोज यादव सामाजिक कार्यों में हमेशा बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। क्षेत्र में किसी पीड़ित या जरूरतमंद परिवार की परेशानी की जानकारी मिलने पर वे मदद के लिए आगे खड़े रहते थे।
उनके व्यवहार में सहजता और लोगों के प्रति अपनापन था। यही वजह थी कि क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव बना हुआ था।
असमय निधन को बताया अपूरणीय क्षति
वक्ताओं ने कहा कि सरोज यादव का असमय निधन पार्टी के साथ-साथ पूरे सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उनकी अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने अपने व्यवहार और सामाजिक कार्यों के माध्यम से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया था।
लोगों ने कहा कि उनका सरल स्वभाव, सहयोग की भावना और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण लंबे समय तक याद किया जाएगा।
शोकसभा में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
शोकसभा में राजद के प्रदेश महासचिव एवं जिला पार्षद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि ई. सुबोध कुमार सिंह, जिला पार्षद शंकर यादवेन्दु, अनिल यादव, ओमप्रकाश गुप्ता, संजय यादव, पूर्व प्रमुख मनोज यादव, स्थानीय मुखिया पुटु यादव, मुखिया रविंद्र यादव, सिकंदर यादव, समाजसेवी ओबरा इंदल यादव, मुखिया वीरेंद्र यादव, पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र यादव, देव व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, राजद नेता उज्ज्वल यादव, विकास कुमार, सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

