दुर्ग से कानपुर जा रही बेतवा एक्सप्रेस के बी-3 कोच से एक यात्री के पास पिट्ठू बैग और थैले में रखे 63 लाख रुपये बरामद किए गए।
नकदी के संबंध में यात्री मध्य प्रदेश के जिला सतना शहर कोतवाली के सिंधी कैंप निवाली 60 वर्षीय हेमराज वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरपीएफ को आशंका है कि बदामद रकम हवाला की है। टीम ने रकम को कब्जे में लेकर आयकर विभाग को सूचना दी और पंचनामा तैयार कर नकदी विभागीय अधिकारियों को सौंप दी।
आरपीएफ निरीक्षक राजेंद्र कुमार के अनुसार, आरपीएफ चित्रकूट पोस्ट और क्राइम विंग झांसी की टीम सोमवार को ट्रेन संख्या 18203 बेतवा एक्सप्रेस में बहिलपुरवा और चित्रकूटधाम कर्वी स्टेशन के बीच बी-3 कोच की सीट नंबर 19 पर बैठे यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके पिट्ठू बैग और थैले से नकदी बरामद हुई।
पकड़े गए हेमराज उर्फ प्रीतम दास ने पूछताछ में बताया कि उसे यह रकम संजय उर्फ संजू नामक व्यक्ति ने सतना से कानपुर पहुंचाने के लिए दी थी। हालांकि रकम के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद 63 लाख रुपये आयकर विभाग को सिपुर्द कर दिए गए।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

