कैंची धाम में जाम से मिलेगी मुक्ति, बाईपास में 21.81 करोड़ से बनेगी 10.5 किमी सड़क
भवाली सेनेटोरियम से बन रहे कैंची धाम बाईपास का काम अंतिम चरण में रुक गया था। वन भूमि संबंधित पेंच की वजह से कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था, लेकिन केंद्रीय स्वीकृति मिल गई है।
साथ ही शासन की व्यय वित्त समिति से करीब 21.81 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी मिल गई है। हालांकि अभी धनराशि की स्वीकृति का शासनादेश आना शेष है, मगर प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद लगभग 10.5 किलोमीटर सड़क के काम को रफ्तार मिलने की उम्मीद जगी है।
बिटुमेन के साथ सुरक्षात्मक कार्य करवाए जाएंगे। इधर, करीब 23 किमी सड़क का निर्माण पूरा होने से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटकों का सफर काफी आसान हो जाएगा।
उन्हें भवाली और कैंची धाम क्षेत्र के जाम से मुक्ति मिलेगी। मार्ग बनने के बाद पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले लोग ज्योलीकोट से होते हुए भवाली सेनेटोरियम से बाईपास के जरिए सीधा अल्मोड़ा रोड पर पहुंचेंगे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

