हिमाचल में रात 11 बजे घर के आंगन में पहुंच गया खूंखार तेंदुआ, दहशत में कमरे में दुबके लोग; हमीरपुर के चौंतरा की घटना

4.9kViews
1853 Shares

 हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में रात को एक घर के आंगन में खूंखार तेंदुआ पहुंच गया। भोटा के समीप चौंतरा गांव के रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए को देखकर लोग सहम गए हैं। रात करीब साढ़े 11 बजे तेंदुआ एक मकान के आसपास और आंगन में घूमता दिखा। तेंदुए के इस तरह बेखौफ नजर आने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घरों में दुबक गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ काफी देर तक मकानों के आसपास घूमता रहा। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने भी सतर्कता बरती और बच्चों तथा बुजुर्गों को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया।

लोग दहशत में

इन दिनों बरसात का मौसम होने से खेतों में मक्की की फसल लगी हुई है और आसपास झाड़ियां व ऊंची घास लगी हुई है, ऐसे में लोगों को घर से निकलने का भी भय सता रहा है। साथ ही पालतू पशुओं की सुरक्षा की चिंता भी सताने लगी है। इससे पहले भी क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियां सामने आती रही हैं, लेकिन घर और आंगन तक तेंदुए के पहुंचने से चिंता और बढ़ गई है।

वन विभाग से पकड़ने की मांग

लोगों ने वन विभाग से मौके का निरीक्षण करवाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। साथ ही इसे जल्द पकड़कर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की व्यवस्था करने का आग्रह किया है, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *