लखनऊ विश्वविद्यालय में BBA-LLB की 180 सीटों पर 800 दावेदार, कल से होगा एडमिशन एग्जाम; सेंटरों पर लगेंगे मोबाइल जैमर
लखनऊ विश्वविद्यालय में पहली बार शुरू होने वाले बीबीए एलएलबी पांच वर्षीय कोर्स में अभ्यर्थियों का रुझान देखने को मिला है। इस कोर्स में 180 सीटों पर 800 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसमें प्रवेश के लिए 29 जुलाई को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं।
प्रवेश परीक्षा का समय दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दोपहर 1:30 बजे पहुंचना अनिवार्य है, ताकि समयबद्ध तरीके से सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जा सके। लवि ने बीती प्रवेश परीक्षाओं में मोबाइल पकड़े जाने की घटनाओं को संज्ञान में लेकर केंद्र पर मोबाइल जैमर लगा दिए हैं, जिससे किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक डिवाइस या गैजेट के जरिए नकल न हो सके।
कुलपति प्रो. जेपी सैनी के अनुसार परीक्षा केंद्र पर मोबाइल जैमर लगाने की यह अनूठी पहल नकलविहीन और सुचारू परीक्षा संचालन सुनिश्चित करेगी, जिससे सभी मेधावियों को समान और निष्पक्ष अवसर मिल सके।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

