शराबबंदी वाले बिहार में स्कूल बना ‘मयखाना’! हेडमास्टर के ऑफिस से शराब बरामद

1805 Shares

अररिया जिले का स्कूल इन दिनों चर्चा का केंद्र बिंदु बनता जा है। विद्यालय से शिक्षकों के एक से एक कारनामे सामने आ रहे हैं। तीन दिन पूर्व बृहस्पतिवार को जोगबनी नगर परिषद स्थित प्राथमिक विद्यालय खजूरबाड़ी की एक शिक्षिका ने अपने पैर कीचड़ से बचाने के लिए बच्चों से बेंचाें का पुल बनवाकर उस पर चढ़कर स्कूल में एट्री ली।

यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि शुक्रवार को रानीगंज प्रखंड के मझुआ पश्चिम पंचायत के मध्य विद्यालय शिवनगर डहरिया में बिहार में शराबबंदी की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आई।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक के कार्यालय से शील्ड सिग्नेचर ग्रीन ब्रांड की शराब की बोतल और उसके साथ छह गिलास मिला। सूचना पर पहुंची रानीगंज पुलिस ने शराब जब्त कर प्रधानाध्यापक को हिरासत में लिया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

ग्रामीण नीरज कुमार ने बताया कि विद्यालय के कुछ बच्चों ने उन्हें सूचना दी कि प्रधानाध्यापक संजय पोद्दार विद्यालय में शराब मंगवाए हैं। सूचना पर जब वे विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाध्यापक के कार्यालय में टेबल पर शराब की बोतल रखी हुई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब पीने की तैयारी की जा रही थी और टेबल पर शराब के साथ छह गिलास भी रखा हुआ था।

ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस का एक्शन

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ विद्यालय परिसर में जुट गई और जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद इसकी सूचना रानीगंज थाना को दी गई।

सूचना पर एसआई अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और कार्यालय से शराब की बोतल जब्त कर प्रधानाध्यापक संजय पोद्दार को हिरासत में लेकर थाना ले आए।

हेडमास्टर ने आरोपों को खारिज किया

इधर, प्रधानाध्यापक संजय पोद्दार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वे शराब का सेवन नहीं करते हैं। कुछ स्थानीय ग्रामीण उन्हें साजिश के तहत फंसा रहे हैं तथा उन्होंने न तो शराब मंगवाई और न ही उसका सेवन किया। सुनियोचित साजिश के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है

मामले को लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नरेश कुमार ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में आई है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कार्रवाई में जुटी

वहीं रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि विद्यालय से बरामद शराब के मामले में प्रधानाध्यापक संजय पोद्दार को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

विद्यालय जैसे शिक्षण संस्थान से शराब बरामद होने की घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *