शारदीय नवरात्र: एक ही दिन में अष्टमी के बाद कर सकते हैं नवमी पूजन, यह है अष्टमी के बाद नवमी पूजन का समय

7.4kViews
1369 Shares

 शारदीय नवरात्र में सोमवार को घरों और मंदिरों में अष्टमी व नवमी पूजन किया जाएगा। अष्टमी तिथि सुबह 10 बजकर 51 मिनट तक रहेगी। इस दौरान अष्टमी पूजन किया जा सकेगा, जबकि इसके बाद नवमी पूजन शुरू होगा।

इससे पहले रविवार सुबह अष्टमी तिथि शुरू होते ही कई परिवारों ने घरों में कन्या पूजन कर मां दुर्गा की आराधना की। मंदिरों में भी दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मां के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठे।
नवरात्र के आठवें दिन कन्या पूजन को लेकर घरों में विशेष उत्साह नजर आया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर धोकर उन्हें तिलक लगाया और हलवा, पूड़ी व चने का प्रसाद परोसा। इसके साथ ही फल अर्पित कर कन्याओं को उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया।

वहीं, कन्या पूजन को लेकर बाजारों में भी सुबह से देर शाम तक चहल-पहल बनी रही। लोगों ने पूजन सामग्री, फल, मिठाई और प्रसाद तैयार करने के लिए खाद्य सामग्री की खरीदारी की। कन्याओं को भेंट देने के लिए उपहारों की दुकानों पर भी भीड़ दिखाई दी।

माता के जयकारों के साथ भजनों पर झूमे

सिद्धपीठ डाटकाली मंदिर के अलावा दुर्गा मंदिर सर्वे चौक, श्याम सुंदर मंदिर पटेलनगर, सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर, स्वर्गापुरी देवी मंदिर निरंजनपुर समेत शहर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की स्तुति की।

शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया। जहां भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों पर श्रद्धालु खूब झूमे। श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सहारनपुर चौक में शिव तांडव ग्रुप ने डमरू वंदना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *