जर्जर दीवार ने बुझा दिए दो घरों के चिराग; भोजपुर में दो चचेरे भाइयों पर की मौत, दादा भी जख्‍मी

2.8kViews
1498 Shares

 भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया नगर परिषद के वार्ड संख्या छह में शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।

घर के बगल में स्थित जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर दोनों बच्चों पर गिर गई। हादसे में बच्चों के दादा भी घायल हो गए।

मृतकों में वार्ड संख्या छह निवासी साजन रजक का तीन वर्षीय पुत्र शिवांश कुमार तथा राहुल रजक का ढाई वर्षीय पुत्र अंकित कुमार शामिल हैं।

बुझ गए दो घरों के च‍िराग

शिवांश चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था, जबकि अंकित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई बताएं जाते हैं।

बताया जाता है कि शनिवार की सुबह दोनों मासूम घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान घर के बगल की जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक गिर पड़ी और दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद कोहराम मच गया। बड़ी संख्‍या में लोग जुट गए।  लोगों ने तेजी से दीवार का मलबा हटाते हुए घायलों को बाहर निकाला।

घटनास्‍थल पर ही श‍िवांश ने तोड़ा दम

हादसे में शिवांश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंकित कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे में बच्चों के दादा छोटक रजक भी घायल हो गए, जिनका इलाज कराया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया।

दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *