दिल्ली से राजस्थान और यूपी में अगले तीन दिन होगी बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी

1054 Shares

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के साथ पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के बड़े हिस्से में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदल सकता है

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के साथ ही दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

20 अक्टूबर तक देशभर में अच्छी बारिश

लौटता हुआ मानसून भी 20 अक्टूबर तक देश में अच्छी बारिश कराता है, लेकिन इस महीने अब तक देश में सामान्य से 67 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

देश के आधे हिस्सा में मौसम के इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता प्रमुख वजह है। स्काईमेट के अनुसार, अभी दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है।

इनसे बनने वाली परिस्थितियों और नमी के कारण उत्तर भारत में बारिश की संभावना बढ़ी है। गुरुवार से पंजाब, हरियाणा और

एनसीआर में इसका असर अधिक दिखाई दे सकता है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है।

दिल्ली-पंजाब और हरियाणा में झमाझम बारिश

हिमाचल में गुरुवार को कई जगह बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में हल्की बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।

पंजाब में दस से 12 किलोमीटर की ऊंचाई पर बादलों की मौजूदगी के कारण कुछ स्थानों पर झमाझम बारिश हो सकती है। दिल्ली में गुरुवार की दोपहर बाद मौसम बदल सकता है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी दो दिनों तक बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। भारत मौसम विभाग (आइएमडी) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के देश के शेष हिस्सों से लौटने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

इसके साथ ही दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून की बारिश शुरू हो सकती है। ओडिशा के कुछ जिलों में भी अगले दो-तीन दिनों में बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *