चंपावत में दर्दनाक हादसा, टिप्पर वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत
नगर के घटोत्कच मंदिर मुख्य गेट के सामने शनिवार को हुए सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार जूप वार्ड चंपावत निवासी दीपक जोशी (20), पुत्र मुरलीधर जोशी शनिवार को अपनी स्कूटी से चंपावत की ओर आ रहा था। इसी दौरान पूर्वान्ह एक बजे करीब चंपावत-तामली मंच रोड पर घटकू मंदिर के पास चढ़ाई की ओर जा रहे एक टिप्पर से उसकी स्कूटी की टक्कर हो गई।
बुरी तरह घायल हो गया दीपक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी अनियंत्रित होकर टिप्पर के पिछले दाहिने पहिये की चपेट में आ गई, जिससे दीपक बुरी तरह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित किर दिया।
घटना की जानकारी के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उधर अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। युवक मूल रूप से चंपावत के ही मौराड़ी बनलेख का रहने वाला है।
इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। कोतवाल बच्ची सिंह बिष्ट ने बताया कि शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया गया। जबकि चालक फरार हो गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

