गोरखपुर में जमीन विवाद में अपहरण, जिला पंचायत सदस्य सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

1771 Shares

भूमि बैनामा कराने के विवाद में शनिवार सुबह शाहपुर थाना क्षेत्र के असुरन चौराहे के पास से एक व्यक्ति को मारपीट कर अगवा कर लिया गया। शाहपुर पुलिस ने अपहरण कर मुकदमा दर्ज कर महराजगंज जिले के रहने वाले जिला पंचायत सदस्य समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर अपहृत को मुक्त कराया। जांच में पता चला कि आरोपितों ने भूमि का एग्रीमेंट कराने के बाद 27.50 लाख रुपये एडवांस दिए थे,बैनामा न करने पर विभूति यादव को अगवा किया था।

विष्णुपुरम भेड़ियागढ़ निवासी अजय यादव ने शाहपुर थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके बहनोई विभूति यादव शनिवार सुबह करीब नौ बजे असुरन चौराहे के पास विशाल शामियाना के निकट सामान लेने गए थे। इसी दौरान महराजगंज जिले के फरेंदा स्थित छितहीबुजुर्ग गांव निवासी जिला पंचायत सदस्य अमरनाथ साहनी अपने सहयोगी फरेंदा के सिधवारी-जगदीशपुर निवासी राधेश्याम विश्वकर्मा, कैंपियरगंज के तेनुआ विशंभुरपुर निवासी गौरा यादव एक अन्य सहयोगी के साथ पहुंचे।

आरोप है कि भूमि बैनामा कराने के विवाद को लेकर उन्होंने विभूति के साथ मारपीट की और जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। पुलिस के मुताबिक, विभूति यादव मूल रूप से महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के महादेवा गांव के निवासी हैं। वह असुरन स्थित अपनी ससुराल में परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने फरेंदा क्षेत्र की अपनी जमीन सिधवारी गांव निवासी राधेश्याम विश्वकर्मा के साथ 27.50 लाख रुपये में बेचने का एग्रीमेंट किया था। आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी जमीन का बैनामा नहीं किया गया और न ही रकम वापस की गई। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।

मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि अजय यादव की तहरीर पर अपहरण, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को फरेंदा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह विभूति को लेकर फरेंदा थाने जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *