रामगढ़ताल को पर्यटन की दृष्टि से और आकर्षक बनाने की दिशा में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) को बड़ी सफलता मिली है। नया सवेरा पार्ट-2 से जुड़े टर्टल आइलैंड पर प्रस्तावित अत्याधुनिक ईको-फ्रेंडली बैंबू रेस्टोरेंट को राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
मंजूरी मिलने के बाद जीडीए अब इसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जल्द ही रिक्वेस्ट फार प्रपोजल (आरएफपी) जारी करेगा। चयनित एजेंसी रेस्टोरेंट का निर्माण और संचालन करेगी, जबकि निर्माण की गुणवत्ता और डिजाइन संबंधी मानक जीडीए तय करेगा।
प्रस्तावित बैंबू रेस्टोरेंट नया सवेरा पार्ट-2 से सटे टर्टल आइलैंड पर लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। वर्तमान में इस स्थान का उपयोग रामगढ़ताल में मत्स्य पालन करने वाले लोगों द्वारा मछलियों की खरीद-बिक्री के लिए किया जाता है। पर्यटकों की सुविधा और परियोजना के सुचारु संचालन को देखते हुए इस गतिविधि को सहारा एस्टेट की ओर स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे पर्यटक सीधे नया सवेरा पार्ट-2 से रेस्टोरेंट तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण ने स्वीकृति देते समय स्पष्ट किया है कि परियोजना का संचालन आर्द्रभूमि संरक्षण और रामसर सम्मेलन के सभी प्रविधानों के अनुरूप किया जाएगा। रेस्टोरेंट के निर्माण में कंक्रीट, स्टील अथवा किसी भी प्रकार के स्थायी ढांचे की अनुमति नहीं होगी। पूरी संरचना मुख्य रूप से बांस और अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों से तैयार की जाएगी, ताकि ताल के प्राकृतिक स्वरूप और जैव विविधता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

