बारिश के बीच किसानों को राहत, गेहूं के बीज का कोटा बढ़ा; 14.5 हजार क्विंटल मिलेगा बीज
बारिश के बीच किसानों को राहत, गेहूं की बुआई के लिए बढ़ा बीज का कोटा; 14.5 हजार क्विंटल मिलेगा बीज
बिजनौर: बारिश के बीच गेहूं की बुआई की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत की खबर है। शासन ने इस वर्ष जिले में गेहूं के बीज का कोटा बढ़ाकर 14.5 हजार क्विंटल कर दिया है। पिछले वर्षों में किसानों को करीब 8.5 हजार क्विंटल तक बीज उपलब्ध कराया जाता था।
कृषि विभाग के मुताबिक, इस वर्ष किसानों को गेहूं का लगभग दोगुना बीज उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। अक्टूबर से कृषि विभाग के केंद्रों पर बीज का वितरण शुरू किए जाने की तैयारी है।
किसानों को गेहूं के बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान भी दिया जाएगा। इस बार अनुदान की राशि बीज खरीद के समय ही समायोजित किए जाने की व्यवस्था है। यानी किसानों को अनुदान की रकम बाद में बैंक खाते में आने का इंतजार नहीं करना होगा।
बिजनौर में गन्ने के बाद गेहूं प्रमुख फसलों में शामिल है। जिले में करीब डेढ़ लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती होती है। अधिक बीज उपलब्ध कराने के पीछे गेहूं का रकबा बढ़ाने और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने का लक्ष्य बताया गया है।
इस वर्ष चीनी मिलों के अपेक्षाकृत जल्दी शुरू होने की उम्मीद भी जताई गई है। इससे गन्ने की कटाई के बाद खेतों के जल्दी खाली होने और गेहूं की बुआई के लिए समय मिलने की संभावना है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

