आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा: तेज रफ्तार बस और ट्रक में टक्कर, ड्राइवर समेत आठ यात्री घायल

7.4kViews
1744 Shares

 आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत आठ लोग घायल हो गए।

चालक बस के स्टीयरिंग में फंस गया, जिसे करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन व हाइड्रा की मदद से बाहर निकाला गया। बस करीब 100 किमी प्रति घंटे की गति से चल रही थी।

नई दिल्ली की लक्ष्मी हालीडेज कंपनी के बस चालक मेरठ के निशानी गेट, समर कालोनी निवासी 37 वर्षीय इंतजार पुत्र इस्लाम करीब 45 सवारियां लेकर दिल्ली से गोरखपुर जा रहे थे।

शुक्रवार सुबह करीब 4:15 बजे जब वह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 172 तालग्राम टोल प्लाजा के पास पहुंचे, तभी आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक इंतजार स्टीयरिंग में फंस गए।

सूचना पर थाना तालग्राम पुलिस, पीआरवी-112, यूपीडा की सुरक्षा टीम, एंबुलेंस, सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह और एसएसआई संतोष कुमार चंदेल मौके पर पहुंचे। राहत व बचाव अभियान चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसके बाएं पैर में चोट आई है।

हादसे में संत कबीर नगर के थाना दुधारा के गांव बूढ़ी बलार निवासी 45 वर्षीय हनुमान यादव पुत्र रामफेर, 40 वर्षीय पत्नी सुनीता, 15 वर्षीय पुत्र शिवम और 10 वर्षीय पुत्र ऋतिक, गोरखपुर के एम्स निवासी 19 वर्षीय अभिषेक पुत्र दशरथ पासवान, गोरखपुर के चिकिताल निवासी 25 वर्षीय सौभाग्य पुत्र नीरज कुमार पांडेय, तमिलनाडु के सेलम निवासी 25 वर्षीय गोकुल पुत्र लोकनादन घायल हो गए।

सभी घायलों को यूपीडा एंबुलेंस और 108 एंबुलेंस की सहायता से तिर्वा स्थित डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

बाद में क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर किनारे खड़ा कराया गया, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया दुर्घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *