‘पहाड़ कभी भी गिर सकता है…’, वायनाड टनल हादसे से पहले इंजीनियरों ने दी थी चेतावनी

5.9kViews
1154 Shares

 केरलम के वायनाड में मंगलवार को मेप्पाडी-कल्लाडी टनल रोड प्रोजेक्ट के निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन में अब तक सात लोगों की मौत हो गई है। यह कोई अचानक आई प्राकृतिक आपदा नहीं बल्कि एक ऐसा हादसा था जिसकी भविष्यवाणी पहले ही की जा चुकी थी।

एनडीटीवी ने वायनाड सुरंग निर्माण कार्य के उप-ठेकेदार दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड (डीबीएल) द्वारा तैयार की गई एक आंतरिक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि हादसे से पहले ही सुरंग के उत्तरी प्रवेश द्वार के ऊपर की पहाड़ी तेजी से टूट रही थी।

इसमें साफ चेतावनी दी गई थी कि भारी बारिश और आंतरिक जल भराव के कारण यह ढलान (पहाड़) किसी भी समय अचानक ढह सकता है। चेतवानी के बावदूद सुरक्षा मानकों में लापरवाही हुई, जिसके कारण बारिश होते ही लैंडस्लाइड हुआ और सात मजदूरों की जान चली गई।

यह आंतिरक रिपोर्ट डीबीएल के वरिष्ठ भूविज्ञानी राजू सागर, जीएसआई के ए रमेश कुमार और टर्किश इंजीनियरिंग कंसल्टिंग एंड कॉन्ट्रैक्टिंग के प्राधिकरण अभियंता डॉ. एच.के. सिंह द्वारा संयुक्त रूप से तैयार किया गया था।

रिपोर्ट में क्या-क्या आया सामने?

दरअसल, इस निर्माणाधीन टनल की साइट का निरीक्षण करने वाले इंजीनियरों ने देखा कि टनल के मुहाने के ऊपर की पहाड़ी पर लगभग 35 मीटर मोटी, ढीली, गाद वाली मिट्टी की एक मोटी परत थी, यह मिट्टी कठोर चट्टान के ऊपर स्थित थी।

ऐसे में मिट्टी का निकास ठीक से नहीं हो सकता। भारी बारिश के चलते पानी मिट्टी के अंदर ही भर जाता है, जिसके कारण मिट्टी भारी हो जाती है और खिसकने के चांस बढ़ जाते हैं। इस मिट्टी को स्थिर रखने के लिए कंपनी ने ढलान को सीढ़ियों के रूप में काटा था, उस पर शॉटक्रेट नामक कंक्रीट की एक पतली परत का छिड़काव किया था, और सॉइल नेल्स नामक धातु की छड़ें गाड़ दी थीं।

लेकिन रिपोर्ट में बताया गया है कि निरीक्षण के वक्त ही ढलान ढहने लगी थी। इंजीनियरों ने निरीक्षण के दौरान कटी हुई सतह पर कई स्तरों पर दरारें चौड़ी होती देखीं, किनारों से मिट्टी खिसकती देखी, कीचड़ वाला पानी रिसता देखा, और मिट्टी के अंदर ही गुहाएं बनती देखीं।

मिट्टी के भीतर भर रहा था पानी

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इंजीनियरों को ढलान के दो आधार स्तरों के बीच की खाई में भूमिगत जल प्रवाह की आवाज सुनाई दी। यानी इसका साफ मतलब था कि पानी ने ढीली मिट्टी में एक गुप्त रास्ता बना लिया था और यह पानी उसके भीतर भर रहा था।

ऊपर से भले ही ठोस दिख रहा था, लेकिन वह धीरे-धीरे पहाड़ी को अंदर से बहा रहा था। इसको लेकर इंजीनियरों ने अपनी रिपोर्ट में चेतावनी दी थी कि इस तरह का आंतरिक कटाव ढलान को तेजी से कमजोर कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *