जालंधर में पुलिस-गैंगस्टर की मुठभेड़, रोकने पर चला दी गोली; क्राॅस फायरिंग में आरोपी घायल
जालंधर में शनिवार तड़के पुलिस और गैंग से जुड़े एक युवक के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना जमशेर स्थित डेयरी कांप्लेक्स के नजदीक हुई। पुलिस के अनुसार, युवक को रोकने का प्रयास करने पर उसने पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई क्रास फायरिंग में युवक गोली लगने से घायल हो गया।
रोकने पर पुलिस पर फायरिंग का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस टीम शनिवार तड़के इलाके में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सुखजिंदर सिंह को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि रुकने के बजाय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने अपनी सुरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कुल तीन फायर किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसी क्रास फायरिंग में सुखजिंदर सिंह को गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से ही काबू कर लिया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर दी। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। मौके पर मिले सामान और हथियार से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।
गैंग में भूमिका की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सुखजिंदर सिंह किस मामले में वांछित था और डोनी बल गैंग में उसकी क्या भूमिका थी। इसके अलावा उसके पास हथियार कहां से आया और मुठभेड़ के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियार से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है और पुलिस उसके खिलाफ दर्ज मामलों तथा गैंग से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

