खगड़िया में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिस ने मुंगेर के तस्कर को दबोचा

6.4kViews
1454 Shares

 मानसी पुलिस, एसटीएफ और डीआईयू के संयुक्त ऑपरेशन में बूढ़ी गंडक नदी किनारे संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया है। उक्त स्थल से टीम द्वारा एक देसी कट्टा समेत हथियार निर्माण सामग्री के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

इधर, एसपी भानू प्रताप सिंह ने उक्त अवैध हथियार निर्माण स्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार को गुप्त सूचना मिली कि मटिहानी घाट से उत्तर बूढ़ी गंडक के किनारे अवैध मिनी गन फैक्ट्री का संचालन हो रहा है।

एसपी के अनुसार थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसटीएफ, डीआईयू की संयुक्त टीम बनाकर सफल ऑपरेशन को रवाना किया गया। टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए उक्त स्थल पर दबिश दी। एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।

उक्त स्थल से एक लोहे का संपूर्ण देसी कट्टा (जिसके बट के दोनों तरफ भूरा रंग का लकड़ी लगा हुआ है), लोहे का एक अर्ध निर्मित देसी कट्टा, 315 बोर का एक मिस फायर गोली, चार बैरल, एक मोबाइल, हैंड ड्रिल मशीन एक, दो बेस मशीन के अलावा सरसी, हथौड़ी, रेती, हेक्सा ब्लेड आदि बरामद किया गया है।

एसपी भानू प्रताप सिंह ने इसे खगड़िया पुलिस की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि पिंकु उर्फ पिंकुल यादव को गिरफ्तार किया गया है। पिंकु उर्फ पिंकुल यादव मुंगेर के टीकारामपुर का रहने वाला है। दो तस्कर टीकारामपुर का चंद्रशेखर यादव व सर्वेश यादव भागने में सफल रहे।

सर्वेश यादव पर मुंगेर के मुफस्सिल थाने में आधे दर्जन से अधिक गंभीर प्रकृति के मामले दर्ज हैं, जबकि खगड़िया के मानसी, महेशखूंट थाने में भी उसपर केस दर्ज है।

दोनों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापामारी की जा रही है। जल्द ही दोनों पुलिस गिरफ्त में होंगे। गिरफ्तार हथियार तस्कर से पूछताछ में मिले सुराग का सत्यापन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *