भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड के मथुरापुर गांव का युवा धावक मनीष सिंह हिमाचल प्रदेश के स्पीति क्षेत्र में आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन में अपनी प्रतिभा का दम दिखाएगा।
28 अगस्त को समुद्रतल से 17,400 फीट की ऊंचाई पर दुर्गम पहाड़ियों और बर्फीली हवाओं के बीच वह 77 किलोमीटर की कठिन दौड़ में हिस्सा लेगा।
इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ कई विदेशी प्रतिभागी भी शामिल होंगे। यह ऐसा क्षेत्र है, जहां आम लोगो को सांस लेने में दिक्कत होती है।
मनीष सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से मथुरापुर गांव का निवासी है। सात वर्ष की उम्र में माता-पिता के निधन के बाद आर्थिक संकट के बीच उसका पालन-पोषण चाचा वीर बहादुर सिंह ने किया।
वर्तमान में वह सहार में रहकर अपनी पढ़ाई और खेल गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा है। इस दौरान उसके चचेरे भाई तथा पूर्व सैनिक फूफा राजाराम सिंह का भी उसे लगातार सहयोग मिलता रहा है।
कोईलवर पहुंचने पर नगर मुख्य पार्षद सरताज आलम, पूर्व मुख्य पार्षद यादवेंद्र और समाजसेवी अरविंद, अभिषेक की ओर से आर्थिक मदद कर आगामी प्रतियोगिता के लिए उन्हें हिमाचल प्रदेश रवाना किया गया।
मैराथन धावक मनीष अब तक दो दर्जन से अधिक पदक और सम्मान जीत चुका है। बेंगलोर में चौबीस घण्टे लगातार दौड़ 137 किमी, मध्यप्रदेश के इंदौर में 87.8 किलोमीटर मैराथन में चौथा स्थान, एसबीआई मैराथन की 21 किलोमीटर दौड़ में चौथा स्थान तथा पटना हाफ मैराथन में बिहार की ओर से दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त कर चुका है।
वर्ष 2019 में छपरा में आयोजित 16 किलोमीटर मैराथन में उसने प्रथम स्थान हासिल किया था। इसके अलावा मुंबई के उमरगांव में आयोजित 16 किमी दौड़ में चौथा स्थान प्राप्त किया। 2021 में मनाली में 60 किमी का अल्ट्रा मैराथन दौड़ पूरी कर चुका है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

