बुधवार को बिजली बंबा बाइपास किनारे स्थित होटल अरोमा के पीछे खाली मैदान में बड़ी मात्रा में पड़ी जिम की प्लेंटे पड़ी होने पर लोगों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते इस सामान को घर ले जाने की ऐसी होड़ मची कि जिसको जो मिला, वही उठाकर ले गया। पांच किलो, दो किलो वजन की जिम की प्लेंटे थीं।
मौके का मंजर ऐसा रहा कि कोई दो-चार किलो की प्लेटें हाथों में उठाकर ले गया तो कोई बाइक-स्कूटी पर लादकर ले गया। कुछ लोग बाकायदा डीसीएम (छोटे ट्रक) लेकर पहुंच गए और जिम प्लेटों को भरकर ले गए। कुछ ही घंटों के भीतर प्लेटों का पूरा ढेर लगभग साफ हो गया।इतनी मात्रा में जिम की प्लेटें किसने फेंकी यह किसी को पता नहीं है। दरअसल, बिजली बंबा बाइपास से उतरने के शताब्दी नगर तक खाली मैदान है। आने-जाने के लिए कच्चा रास्ता है। इतनी बड़ी संख्या में जिम की प्लेटें अचानक कैसे पहुंचीं? कौन डाल गया? इसकी किसी को भनक नहीं लगी। यह तो लोग जब सामान ले जाने लगे तब चर्चा शुरू हो गई। इसका एक वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित होने से भीड़ बढ़ गई।
कुछ लोगों ने बताया कि करीब पांच दिन से ये सामान यहां पड़ा हुआ था। माना जा रहा है कि खराब सामान होने के चलते इसे थर्माकोल के पैकेट के साथ बोरियों में भरकर फेंक दिया गया। इस मामले की सूचना लोगों के द्वारा परतापुर थाने की पुलिस को भी दी गई है। अब यह जांच का विषय है।
हैरानी की बात ये है सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होने के बड़े-बड़े दावे के बीच पांच दिन से जिम की प्लेटें ले जाने की होड़ मची रही और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
वहीं नगर निगम वैसे तो कूड़ा कचरा सड़क किनारे डालने वालों पर निगरानी रखने की बात करता है, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में जिम की प्लेटें कबाड़ की तरह फेंक दी गई है। निगम को भी जानकारी नहीं हुई।
इंटरनेट पर प्रसारित वीडियो देखा है। सफाई निरीक्षक को सुबह भेजकर जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस से जानकारी ली जाएगी। यदि यह कबाड़ था तो इसका बकायदा निस्तारण किया जाना चाहिए था। यदि कोई पकड़ में आता है तो जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
-लवी त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त।
सूचना पर बिजली बंबा बाइपास किनारे स्थित होटल अरोमा के पीछे मैदान में पुलिस टीम भेजी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे पड़ी जिम की प्लेट स्क्रैप यानी कबाड़ हैं। इन्हें वहां कौन छोड़कर गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
-अजय शुक्ला थाना प्रभारी परतापुर

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

