महाराष्ट्र बारिश अपडेट: पुणे में भूस्खलन से 3 की मौत, नवी मुंबई दो लोग डूबे; पुणे में रेड अलर्ट जारी

1577 Shares

 महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश आफत बन कर बरसी है। देरी से आए इस मानसून ने आर्थिक राजधानी मुंबई में लोगों की परेशानियों को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। इसी बीच पुणे जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में आने से कई मकान मलबे में दब गए।

इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इस भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिसके बाद प्रशासन को इन मुख्य रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही रोकनी पड़ी। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान नंदू टिकोने (60 वर्ष), माउली टिकोने (30 वर्ष) और अनीता टिकोने (55 वर्ष) के रूप में हुई है।

भारी बारिश से अचानक गिरा पहाड़ का हिस्सा

अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा मावल तहसील के पाटन गांव में सुबह करीब 4:25 बजे हुआ। भारी बारिश के चलते अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे बने मकानों पर गिर गया। इस हादसे में करीब 5 मकान मलबे के नीचे पूरी तरह दब गए। मलबे में लगभग 30 से 35 लोगों के फंसे होने की आशंका थी।

मलबा हटाने का काम जारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुणे से एनडीआरएफ (NDRF) की 30 सदस्यीय टीम को तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। टीम ने अब तक शवों को बरामद कर लिया है और मलबा हटाने का काम जारी है। लोनावला डिवीजन के डिप्टी एसपी गजानन तोमपे ने बताया कि इस सुदूर गांव में भारी बारिश के कारण तीन जगहों पर भूस्खलन हुआ है।

नवी मुंबई में दो लोगों की डूबने से मौत

दूसरी ओर रविवार को नवी मुंबई के पनवेल स्थित गदेश्वर परिसर में पानी में उतरने के बाद लोगों की डूबने से मौत गई है। जानकारी के अनुसार माथेरान की पहाड़ियों में भारी बारिश के चलते पानी का बहाव काफी तेज हो गया था।

इसके साथ ही जल स्तर भी बढ़ गया था। ऐसे में उन्हें लाठी से बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बचाव अभियान के तहत अभी तक एक व्यक्ति का शव बरामद किया जा चुका है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गिरा 100 टन मलबा

बता दें कि इस भूस्खलन का बड़ा असर दोनों शहरों को जोड़ने वाली लाइफलाइन पर पड़ा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि भारी बारिश के कारण लगभग 100 टन मलबा अचानक मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर आ गिरा।

राहत कार्य की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक करीब 70% मलबा साफ कर लिया गया है। पुणे से मुंबई जाने वाली एक लेन को खोल दिया गया है और उम्मीद है कि अगले कुछ घंटों में एक्सप्रेसवे पूरी तरह चालू हो जाएगा।

प्रशासन ने दी यात्रा से बचने की अपील

ऐसे में सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने कहा है कि जब तक मौसम ठीक नहीं हो जाता और अगला आदेश नहीं आता, तब तक लोग मुंबई और पुणे के बीच गैर-जरूरी यात्रा करने से बचें।

मुंबई में भी थमी जिंदगी- बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी

दूसरी ओर लगातार हो रही बारिश ने मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। जलभराव और पटरियों पर छोटे-मोटे भूस्खलन के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

इसके अलावा बीएमसी (BMC) ने चेतावनी दी है कि सोमवार शाम को समुद्र में 4.08 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं, साथ ही 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *