मोहाली-कुराली हाईवे पर कार दुर्घटना में ऊना के 3 लोगों की मौत, चंडीगढ़ में शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा

1453 Shares

हिमाचल प्रदेश के जिला निवासी तीन लोगों की चंडीगढ़ में सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार को मोहाली-कुराली हाईवे पर यह भीषण हादसा हुआ। हादसे में ऊना जिले के देहलां गांव के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी सुरेश ऐरी, मैहतपुर औद्योगिक क्षेत्र के व्यापारी आदित्य जैन तथा उनके साथ मौजूद महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

आदित्य जैन मैहतपुर उद्योगपति शम्मी जैन के बेटे हैं और साथ में पुत्र बधू थी। दूसरी ओर देहलां निवासी अधिवक्ता सुरेश ऐरी चड़तगढ़ स्थित वृद्धजनों के लिए स्थापित आश्रय पुरोधा के संस्थापक अध्यक्ष रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

शादी समारोह से लौट रहे थे ऊना

जानकारी के अनुसार खरड़ के नजदीक भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के पास, घड़ूंआ थाना पुलिस तहत सभी लोग चंडीगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद दो गाड़ियों में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहाली-कुराली हाईवे पर उनकी कार के आगे जा रहे एक कंटेनर ने एकाएक ब्रेक लगा दी और पीछे से आ रही कार एचपी 20जी 5666 की उससे जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर ओवरस्पीड या चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने जांच पूरी होने तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

देहलां क्षेत्र में पसरा मातम

इस हृदयविदारक हादसे से ऊना जिले, विशेषकर मैहतपुर और देहलां क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *