कोडरमा लोको निरीक्षक मौत मामला: आया ट्विस्ट, प्रताड़ना का आरोप; धनबाद मंडल के विद्युत अभियंता पर कस सकता है शिकंजा
कोडरमा रेलवे स्टेशन में कार्यरत लोको निरीक्षक बंगाली चैंपिया की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। कोडरमा रेल थाना (जीआरपी) में उनकी पत्नी आशापरी होनहागा ने आवेदन देकर अपने पति को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप वरीय विद्युत मंडल अभियंता, धनबाद रजत कुमार सिंह पर लगाया है।
आशापरी ने आवेदन में कहा है कि उसके पति बंगाली चैंपिया एक कोडरमा रेलवे में क्रू इंचार्ज (लोको निरीक्षक) के पद पर कार्यरत थे। पिछले कई दिनों से वरीय मंडल अभियंता रजत कुमार सिंह द्वारा लगातार उनके पति पर मानसिक प्रताड़ना, अपमान और दबाव बनाए जाने से वे तनाव में रहने लगे थे।
आवेदन में कहा गया है कि गत 13 मई 2026 को कोडरमा में एक सुरक्षा सेमिनार के दौरान सभी लोको पायलट के सामने रजत कुमार सिंह ने उनके पति बंगाली चंपिया को काफी गाली गलौज कर अपमानित किया था और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया था। साथ ही मोबाइल फोन को जमीन पर पटक दिया था।
आशापरी ने आरोप लगाया कि घटना से पहले उसके पति ने रजत कुमार सिंह के व्यवहार की जानकारी परिवार को दी थी। उनके व्यवहार से हुए काफी आहत एवं अपमानित महसूस कर रहे थे और अंततः उन्होंने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया। आवेदन में वरीय मंडल विद्युत अभियंता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
जीआरपी ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय होगा कि सोमवार की सुबह लोको निरीक्षक बंगाली चैंपिया की मौत कोडरमा स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से हो गई थी। घटना में उनका शव पूरी तरह से क्षत विक्षत हो गया था।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

