भाड़ में जाओ!…आखिर क्या है इस शब्द का मतलब, जहां बात-बात पर जाने के लिए कह देते हैं लोग; सोच से परे है जवाब

8.1kViews
1087 Shares

 कई बार झुंझलाहट में आपने किसी न किसी को भाड़ में जाने जरूर कहा होगा। ये मुहावरा काफी कॉमन है और अक्सर हम इसका इस्तेमाल करते हैं, लेकिन क्या आप इसका मतलब जानते हैं?

आमतौर पर हम इसका मतबल समझ लेते हैं कि किसी को नर्क में जाने के लिए कह रहे हैं, जैसे अंग्रेजी में गो टू हेल कह देते हैं, लेकिन इसका असली मतलब इससे बिल्कुल अलग है और शायद आपको मालूम भी न हो। आइए समझें की भाड़ होता क्या है और क्यों इसका इस्तेमाल इस मुहावरे में किया जाता है।

भाड़ होता क्या है?

भाड़ का मतलब जहन्नुम नहीं होता। ये एक मिट्टी या ईंटो से बना एक पारंपरिक देसी चूल्हा होता था। यहां समझना जरूरी है कि ये आम चूल्हे से अलग होता था। ये आकार में बड़ा और गहरा होता था, जिसका इस्तेमाल बड़ी मात्रा में चना, मक्का या मूंगफली भूनने के लिए किया जाता था।

भाड़ को चलाने वाले या इसमें अनाज पकाने वाले व्यक्ति को भड़भूजा कहा जाता था। भाड़ की बनावट ऐसी होती थी कि इसके नीचे तेज आग जलाई जाती थी और इसके ऊपर बड़े मटके या कड़ाही में रेत डालकर अनाज को भूना जाता था। इसमें तेल या घी का इस्तेमाल नहीं होता था, सिर्फ तेज गर्माहट से अनाज को भूना जाता था और छलनी से अनाज को रेत से बाहर निकाला जाता था।

भाड़ में जाओ मुहावरे का मतलब

अब आप समझ गए होंगे कि जब भी कोई व्यक्ति भाड़ में जाओ कहता है, तो उसका मतलब नर्क में जाना नहीं, बल्कि भाड़ की भीषण आग में भुन जाना या नष्ट हो जाना होता है। अब क्योंकि भाड़ की आग बहुत तेज होती है और इसे बर्दाशत नहीं किया जा सकता। इसलिए लोग इसे नर्क से जोड़कर देख लेते हैं और ज्यादातर लोग इसी सेंस में इस मुहावरे का इस्तेमाल करते हैं।

भाड़ से जुड़े और भी हैं मुहावरे

  • भाड़ झोंकना- इस मुहावरे का इस्तेमाल समय बर्बाद करने वाले या कोई गैर-जरूरी काम करने वाले के लिए किया जाता है। भाड़ को जलाने के लिए लगातार पत्ते या लकड़ी को आग में झोंकना पड़ता था, जो काफी उबाऊ होता था। यही से भाड़ झोंकना मुहावरा बना है। अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता- इसका मतलब होता है कि कोई व्यक्ति बड़ा या मुश्किल काम अकेले नहीं कर सकता। इसके लिए उसे दूसरों के साथ की जरूरत होती है। भाड़ में अगर एक चना डाला जाए, तो उससे उस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यही से ये मुहावरा बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *