अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के बीच बीते कुछ महीनो से जुबानी जंग तेज हो गई है। ट्रंप ने रविवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मेलोनी पर दोबारा तंज कसा। इस पूरे मामले पर अब बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकन ने बड़ा बयान दिया है। फ्रैंकन ने दूसरे नेताओं को मेलोनी को निशाना बनाने से बचने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही उन्होंने यूरोपीय नेताओं को ट्रंप के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने के लिए भी कहा है। उन्होंने कहा कि यूरोप अगले 5 से 10 सालों तक अमेरिकी सैन्य सुरक्षा पर निर्भर रहेगा।
ट्रंप के मजाक के बाद फ्रैंकन का मेलोनी को समर्थन
फ्रैंकन का यह बयान ट्रंप के उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आया हैं जिसमें उन्होंने मेलोनी के खिलाफ ‘रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर’ (खुद से दूरी बनाए रखने का आदेश) कहकर मजाक किया था। इस पोस्ट ने G7 शिखर सम्मेलन में हुई उनकी अजीब मुलाकात के बाद फिर से तनाव बढ़ा दिया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, फ्रैंकन ने कहा कि यूरोप अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के साथ-साथ अमेरिका से दूरी नहीं बना सकता। साथ ही, उन्होंने मेलोनी का बचाव करते हुए उन्हें यूरोप के रूढ़िवादी आंदोलन में एक अहम हस्ती बताया।
वो क्वीन हैं, उन्हें अकेला छोड़ दीजिए : फ्रैंकन
फ्रैंकन ने कहा, ‘बेशक हमें सहयोगी के तौर पर उनकी (ट्रंप) जरूरत है, लेकिन मेलोनी को मत छेड़िए। वह यूरोप में सेंटर-राइट की क्वीन हैं। वह सबसे ताकतवर हैं। उन्हें अकेला छोड़ दीजिए।’ ट्रंप ने रविवार को एक पोस्ट में मेलोनी की एक तस्वीर शेयर की थी और मजाक में कहा था कि उन्हें मेलोनी के खिलाफ ‘रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर’ की जरूरत पड़ेगी।
G7 समिट में क्या हुआ था?
यह पोस्ट जून में फ्रांस के एवियन में G7 समिट के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई एक अजीब बातचीत के बाद आई। बाद में ट्रंप ने दावा किया कि मेलोनी ने उनसे तस्वीर खिंचवाने के लिए मिन्नत की थी, इस दावे को इटली की प्रधानमंत्री ने खारिज कर दिया। इस विवाद पर हैरानी जताते हुए फ्रैंकन ने कहा, ‘मैं उन्हें पसंद करता हूं, वह कंजर्वेटिव हैं, उनकी सोच बिल्कुल वैसी ही है और फिर आप किस बात पर झगड़ा कर रहे हैं? एक तस्वीर पर!’

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

