पश्चिम चंपारण में पिता के लिए खाना लेकर निकला बेटा, ट्रक की टक्कर में पिता-बेटी की मौत

2.4kViews
1224 Shares

बेतिया-लौरिया मुख्यमार्ग में मनुआपुल थाना क्षेत्र के गुरवलिया शिवाला टोला वार्ड- एक में सोमवार की रात 9: 30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक और उसकी दो बेटियों को रौंद दिया।

दुर्घटना में पिता और तीन वर्षीय पुत्री की मौत हो गई, जबकि बाइक पर बीच में बैठी चार वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार गुरवलिया शिवाला टोला निवासी खोबारी बैठा का 25 वर्षीय पुत्र नितेश कुमार सोमवार की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी दो पुत्रियों सृष्टि कुमारी (03) और दीक्षा कुमारी (04) के साथ बाइक से घर से लगभग 500 मीटर दूर दूसरे घर पर अपने पिता के लिए खाना पहुंचाने जा रहा था।

इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। तीन वर्षीय सृष्टि कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं नितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 10:30 बजे उनकी भी मौत हो गई।

हादसे में घायल चार वर्षीय दीक्षा कुमारी की हालत नाजुक होने पर परिजन बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ले गए हैं। मृतक नितेश की पत्नी पुष्पा देवी व अन्य स्वजन का रो रोकर बुरा हाल हैं।

मृतक के पिता खोबारी बैठा ने बताया कि बेटा खाना लेकर उनके पास आ रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर लग गई।

वहीं मनुआपुल थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। चालक की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि आस-पास ग्रामीण सूचना के अनुसार ट्रक सड़क किनारे थी, रात होने के बाइक ट्रक में टक्कर मार दी।

घटना की सूचना पर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *